पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने रक्षा मंत्री मनोहर परिकर पर तीखा हमला बोला है। सिंह ने परिकर को जोकर बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने 4 दशक के राजनीतिक कैरियर में इतना खराब रक्षा मंत्री नहीं देखा। उन्होंने यह भी कहा कि परिकर को अपने मंत्रालय और सेना की कार्यशैली के बारे में कुछ नहीं पता। कैप्टन ने भाजपा और मोदी सरकार पर सर्जिकल अटैक का चुनाव लाभ लेने की कोशिश का आरोप लगाया और कहा कि इस मामले में राजनीति से देश का नुकसान होगा।
एक टीवी चैनल से बातचीत में कैप्टन ने कहा कि अब तक के सबसे नाकाबिल रक्षा मंत्री परिकर जोकर हैं। सर्जिकल अटैक पहले भी हुए हैं। इस बार भी सेना ने अपने साथियों के बलिदान का बदला लेने के लिए सर्जिकल अटैक किया। पहले ऐसे मामलों में सरकारें और पार्टियां राजनीति नहीं करती थी। मगर भाजपा और मोदी सरकार उत्तर प्रदेश सहित कुछ अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव जीतने के लिए सर्जिकल अटैक का सियासी लाभ लेना चाहती है। कैप्टन ने सर्जिकल अटैक और सेना के नाम पर राजनीति को देश के लिए नुकसानदेह बताया और कहा कि देशहित में ऐसे प्रयासों से बाज आना चाहिए।
सिद्घू मामले में
पूर्व सांसद और आवाज ए पंजाब के मुखिया नवजोत सिंह सिद्घू के बारे में कैप्टन ने कहा कि उनका कांग्रेस में स्वागत है। मगर कांग्रेस इसके लिए किसी तरह की शर्त स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सिद्घू के पिता भी कांग्रेसी थे। ऐसे में सिद्घू को कांग्रेस का दामन थामना चाहिए। कैप्टन ने यह भी कहा कि वह न तो सिद्घू और न ही उनकी पत्नी नवजोत कौर के संपर्क में हैं।