स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ओमिक्रॉन व कोरोना संक्रमण इतना तेज है कि बड़ी संख्या में लोगों को कोरोना संक्रमित होने के बाद भी काम पर वापस बुलाना पड़ रहा है।
कनाडा में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच सरकार को कोविड संक्रमितों से काम करवाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। आलम यह है कि कोविड-19 संक्रमित ही कोरोना मरीजों का इलाज तक कर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री क्रिश्चियन दूबे ने मंगलवार को बताया कि हमारे पास और कोई विकल्प नहीं बचा है। यही कारण है कि कुछ संक्रमित व्यक्तियों को भी काम पर वापस लाना पड़ा।
विज्ञापन
क्या है कनाडा की मजबूरी
कनाडा के क्यूबेक प्रांत में इस तरह का फैसला लिया गया है, जहां पर कोविड संक्रमित व्यक्तियों को काम पर वापस बुलाया गया है। दरअसल, क्यूबेक में कोरोना संक्रमण बहुत तेजी से बढ़ रहा है। आए दिन यहां संक्रमितों की संख्या पुराने रिकॉर्ड तोड़ रही है। सोमवार को क्यूबेक में 12,833 नए कोरोना के मामले दर्ज किए गए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ओमिक्रोन व कोरोना संक्रमण इतना तेज है कि बड़ी संख्या में लोगों को काम पर वापस बुलाना पड़ रहा है। अगर, ऐसा न किया जाए तो और भी खतरा पैदा हो जाएगा।
एहतियात के साथ बुलाए जा रहे लोग
क्रिश्चियन दूबे ने कहा कि फैसला किया गया है कि कोरोना संक्रमितों को एहतियात के साथ वापस बुलाया जाएगा। कोरोना लक्षण व जोखिम के आधार पर तय किया जा रहा है कि किसको काम पर वापस बुलाया जा सकता है।
विज्ञापन
चार जनवरी से लगेगी बूस्टर डोज
कनाडा में चार जनवरी से 18 साल से ऊपर की उम्र वालों को बूस्टर डोज लगाई जाएगी। उधर, प्रशासन की ओर से क्यूबेक में बढ़ते मामलों को देखते हुए बार, जिम, कैसीनो को बंद करने का आदेश दिया गया है।