नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) कार्यालय में अब डिप्टी कैग भी होगा। डिप्टी कैग राज्यों की ऑडिट और सूचनाओं का समन्वय करेगा। साथ ही वह दूरसंचार क्षेत्र के लेखा का भी जांच करेगा। इस पद के सृजन पर 21 लाख रुपये खर्च होंगे।
जीएसएलवी के चौथे चरण पर मुहर
सरकार ने मौजूदा जीएसएलवी कार्यक्रम के चौथे चरण को आगे जारी रखने की मंजूरी दे दी। इसमें 2021-24 के बीच पांच राकेट लांच किए जाएंगे। चौथे चरण के लिए 2729.13 करोड़ रुपये धन की जरूरत का आकलन किया गया है।
अब बोलिविया में मिल सकेगी नौकरी
कैबिनेट की बैठक में उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई, जो मार्च 2019 में भारत और लैटिन अमेरिकी देश बोलिविया के बीच हुआ था। इसके तहत आयुर्वेद, योगा, यूनानी, सिद्धा और होम्योपैथी के जानकारों को बोलिविया में नौकरी मिल सकेगी।
डेनमार्क के साथ करार को हरी झंडी
सरकार ने अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग को लेकर भारत और डेनमार्क के बीच हुए समझौते को उसकी पूर्व की तिथि से मंजूरी दे दी। इस समझौते में अपतटीय पवन ऊर्जा पर जोर दिया गया है। इस समझौते पर नई दिल्ली में मार्च, 2019 में हस्ताक्षर किए गए थे।