देशभर में नागरिकता संशोधन कानून पर जारी हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार लोगों की आवाज का अनादर और उपेक्षा कर रही है।
सरकार विरोधी सुरों को दबाने के लिए सख्ती से सुरक्षा बलों का इस्तेमाल कर रही है। यह लोकतंत्र में पूरी तरह से अस्वीकार्य है। सरकार की कार्रवाई की निंदा करते हुए उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों और लोगों के प्रति अपना समर्थन जताया।
एक वीडियो संदेश में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून भेदभावपूर्ण है और प्रस्तावित एनआरसी गरीबों को ठेस पहुंचाएंगी। नोटबंदी की तरह लोगों को अपनी नागरिकता साबित करने के लिए लाइनों में लगना होगा। लोगों का डर वास्तविक और जायज है।
उन्होंने कहा कि सरकार के गलत फैसलों और नीतियों के खिलाफ आवाज उठाना लोगों का अधिकार है। उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि हम आपके मूलभूत अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार की यह जिम्मेदारी बनती है कि वह लोगों की बात सुने और उनकी चिंताओं को दूर करे।