01:50 PM, 03-Jan-2020
ममता का पीएम पर निशाना, आप हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री हैं या पाकिस्तान के राजदूत
मोदी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री हैं या पाकिस्तान के राजदूत: ममता बनर्जी
सिलीगुड़ा में ममता ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, 'मैं राष्ट्रीय नागरिक पंजी और नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ लड़ रही हूं। मेरे साथ जुड़े। सभी लोगों से अनुरोध करती हूं कि वह आगे आएं और हमारे लोकतंत्र को बचाएं। वह भारत के प्रधानमंत्री हैं लेकिन हमेशा पाकिस्तान के बारे में बात करते हैं। क्यों? हम भारतीय हैं और हम अपने राष्ट्रीय मुद्दों के बारे में निश्चित तौर पर चर्चा करेंगे।'
ममता ने रैली में कहा कि यह शर्म की बात है कि आजादी से 70 साल बाद भी लोगों को अपनी नागरिकता साबित करनी पड़ रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री से पूछा कि भारत एक बड़ा देश है जिसकी संस्कृति एवं विरासत समृद्ध है। आप हर मामले में पाकिस्तान का जिक्र क्यों करते हैं? उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री हैं या पाकिस्तान के राजदूत।
ममता ने पूछा, हर मामले में आप पाकिस्तान का हवाला क्यों देते हैं। आपको (मोदी को) हिंदुस्तान के बारे में बोलना चाहिए। हम पाकिस्तान की तरह नहीं बनना चाहते। हमें हिंदुस्तान से प्यार है।
उन्होंने भाजपा पर राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के क्रियान्वयन को लेकर जानबूझकर भ्रम पैदा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसके नेता एक दूसरे के विरोधाभासी बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि एनआरसी लागू नहीं किया जाएगा, दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्री एवं अन्य मंत्री दावा कर रहे हैं कि यह प्रक्रिया पूरे देश में लागू की जाएगी।