By-Election Results 2023
- फोटो : Amar Ujala
पांच राज्यों की विधानसभा सीटों के उपचुनाव की मतगणना आज हुई। पश्चिम बंगाल के सागरदिघी, तमिलनाडु के इरोड, अरुणाचल प्रदेश के लुमला, झारखंड के रामगढ़ और महाराष्ट्र के कस्बापेठ, चिंचवाड़ में उपचुनावों के नतीजे आए। इसमें कांग्रेस को तीन सीटें मिली हैं। आइए जानते हैं कहां किसे मिली जीत...
महाराष्ट्र में कांग्रेस ने भाजपा से छीनी कस्बा सीट
कांग्रेस उम्मीदवार रवींद्र धंगेकर ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के कस्बा पेठ उपचुनाव में जीत दर्ज की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने गढ़ पुणे की इस सीट को बरकरार रखने में विफल रही। उसके उम्मीदवार हेमंत रसाने को हार का सामना करना पड़ा। कस्बा पेठ सीट पर भाजपा 28 साल से जीत दर्ज करती आई थी। पुणे से मौजूदा भाजपा सांसद गिरीश बापट ने 2019 तक पांच बार इस सीट का प्रतिनिधित्व किया था। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के गठबंधन महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के समर्थन वाले उम्मीदवार धंगेकर ने भाजपा के गढ़ में सेंध लगाने में कामयाबी हासिल की। वहीं, चिंचवाड़ से पूर्व विधायक लक्ष्मण जगताप की पत्नी व भाजपा उम्मीदवार अश्विनी जगताप ने जीत दर्ज की है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में खुला कांग्रेस का खाता
पश्चिम बंगाल की सागरदिघी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार बायरन विश्वास को जीत मिली है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के प्रत्याशी को 22,980 मतों से हराया। इसके साथ ही वह मौजूदा विधानसभा के लिए निर्वाचित होने वाले कांग्रेस के पहले विधायक बन गए हैं। पिछले साल दिसंबर में राज्य के मंत्री सुब्रत साहा के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराए गए थे।
तमिलनाडु में कांग्रेस ने दर्ज की जीत
कांग्रेस ने विधानसभा उपचुनाव में अन्नाद्रमुक को हराकर तमिलनाडु में इरोड पूर्व सीट अपने पास बरकरार रखी। तमिलनाडु की इरोड पूर्व सीट पर 77 उम्मीदवार मैदान में थे। DMK समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार EVKS एलंगोवन और AIADMK के केएस थेन्नारास्रु के बीच कड़ा मुकाबला था। इस सीट पर एलंगोवन के बेटे और कांग्रेस विधायक ई थिरुमहान एवरा के निधन की वजह से चुनाव हुआ था।
अरुणाचल प्रदेश
अरुणाचल प्रदेश में लुमला उपचुनाव के नतीजे भी पहले से ही तय थे। यह सीट भारत-चीन सीमा पर स्थित तवांग जिले में स्थित है। लुमला सीट पर उपचुनाव भाजपा विधायक जंबे ताशी के निधन की वजह से हुआ था। भाजपा ने पूर्व विधायक जंबे ताशी की पत्नी शेरिंग हामु को मैदान में उतारा था। उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के अलावा किसी ने नामांकन नहीं भरा था। वह एक मात्र प्रत्याशी थीं। ऐसे में उन्होंने निर्विरोध जीत दर्ज कर ली है।
चिंचवड़ सीट को बरकरार रखने में सफल रही भाजपा
भाजपा चिंचवड़ सीट को बरकरार रखने में कामयाब रही। उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार अश्विनी जगताप ने 36,168 मतों से जीत हासिल की। भाजपा विधायक और उनके पति लक्ष्मण जगताप के निधन के कारण यह सीट रिक्त हुई थी। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, अश्विनी जगताप को कुल 1,35,603 वोट मिले, जबकि उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी एनसीपी उम्मीदवार विठ्ठल उर्फ नाना काटे को 99,435 वोट मिले। वहीं, महाराष्ट्र विधानसभा में भाजपा की संख्या 106 से घटकर 105 हो गई है, क्योंकि उसे पुणे की कस्बा पेठ विधानसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस से हार का सामना करना पड़ा।