महिंद्रा का बड़ा फैसला, 23000 कर्मचारियों को मिलेगा ESOP
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने उद्योग जगत में एक अनूठी पहल करते हुए अपने करीब 23,000 कर्मचारियों को एकमुश्त कर्मचारी स्टॉक स्वामित्व योजना (ESOP) देने का ऐलान किया है। इसमें फैक्ट्री फ्लोर पर काम करने वाले कर्मचारी भी शामिल हैं। कंपनी ने इस पहल को कर्मचारियों के योगदान के लिए एक इनाम के तौर पर पेश किया है। यह जानकारी समूह के सीईओ और प्रबंध निदेशक अनीश शाह ने दी।
शाह ने बताया कि इस पहल में महिंद्रा एंड महिंद्रा (ऑटो और फार्म सेक्टर), महिंद्रा इलेक्ट्रिक ऑटोमोबाइल और महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह शायद पहली बार है जब किसी बड़े भारतीय कॉर्पोरेट समूह ने अपने कर्मचारियों को ESOP की सुविधा दी है। कर्मचारियों को यह हिस्सेदारी रिस्ट्रिक्टेड स्टॉक यूनिट्स (RSUs) के रूप में दी जाएगी।
जुर्गेन वेस्टरमियर बने एयरबस के नए अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक
विमान निर्माता कंपनी एयरबस ने जुर्गेन वेस्टरमियर को भारत और दक्षिण एशिया के लिए अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है। 53 वर्षीय जुर्गन, वर्तमान में एयरबस में कार्यकारी उपाध्यक्ष और मुख्य खरीद अधिकारी हैं। इनकी नियुक्ति 1 सितंबर से प्रभावी होगी। जुर्गन रेमी मैलार्ड की जगह लेंगे। भारत एयरबस के लिए एक प्रमुख बाजार है, जिसकी वाणिज्यिक विमान और रक्षा क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपस्थिति है।