बजट से पहले वित्त मंत्रालय के अंतर्गत दो प्रमुख विभागों में शीर्ष स्तर पर नौकरशाही में फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ नौकरशाह तुहिन कांत पांडे को नया राजस्व सचिव नियुक्त किया गया है।
बुधवार को कार्मिक मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक, कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने राजस्व सचिव के रूप में पांडे की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। पांडे अभी वित्त सचिव के साथ ही निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (डीआईपीएएम) के सचिव भी हैं।
पांडे अरुणीश चावला का स्थान लेंगे, जिन्हें उनके स्थान पर डीआईपीएएम में सचिव बनाया गया है। आदेश में कहा गया है कि वह नियमित पदाधिकारी की नियुक्ति तक सार्वजनिक उद्यम विभाग, वित्त मंत्रालय के सचिव और संस्कृति मंत्रालय के सचिव के पद का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। बिहार कैडर के 1992 बैच के आईएएस अधिकारी चावला को पिछले साल 25 दिसंबर को राजस्व सचिव नियुक्त किया गया था। तब वह फार्मास्यूटिकल्स विभाग के सचिव थे।