पिछले रेल बजट में रेल मंत्री ने बुलेट ट्रेन के सपने दिखाए थे, लेकिन अगले दो साल तक सेमी हाई स्पीड ट्रेन पर यात्रा करने का मौका भी यात्रियों को नहीं मिलने वाला है। बुलेट ट्रेन के साथ ही दिल्ली-हावड़ा, दिल्ली-मुंबई के बीच सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलाने की योजना फिलहाल ठंडे बस्ते में दिखाई दे रही है। आम बजट में इन ट्रेनों की चर्चा तक नहीं हुई।
दिल्ली-आगरा रूट पर सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलाकर रेलवे ने खूब वाहवाही लूटी, लेकिन इस तरह की अन्य ट्रेनों को ट्रैक पर चलाना रेलवे के लिए बेहद मुश्किल साबित हो रहा है। इसके लिए कॉरीडोर बनाने पर विचार किया जा रहा है।
यही वजह है कि रेलवे ने तर्क दिया है कि जब तक डेडिकेटेड फ्रेट कॉरीडोर तैयार नहीं हो जाता है तब तक मिशन रफ्तार पूरा नहीं हो पाएगा। बता दें कि फ्रेट कॉरीडोर का कुछ हिस्सा 2019 में खुलना है। इस कॉरीडोर पर मालगाड़ी को शिफ्ट कर यात्री ट्रेन के लिए ट्रैक के बोझ को कम करना है।