Uproar In Lok Sabha: लोकसभा में विपक्ष की तरफ से अदाणी समूह से जुड़े एक खबर को लेकर हंगामा किया गया। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष की तरफ से बार-बार समझाने के बाद भी विपक्षी सदस्यों के हंगामा न रोकने पर आखिरकार उन्होंने लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। इसके लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर जेपीसी की रिपोर्ट सदन में पेश की गई, जिस पर सदन में जमकर हंगामा हुआ, इसके बीच वित्त मंत्री ने नया आयकर विधेयक भी पेश किया। जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 10 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा में गुरुवार को कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने अदाणी समूह से जुड़ी एक खबर को लेकर हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही शुरू होने के लगभग पांच मिनट बाद इसे दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। बता दें कि, सदन की कार्यवाही आरंभ होते ही विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी करना शुरू कर दिया था।
विज्ञापन
नारेबाजी के बीच प्रश्नकाल हुआ शुरू
विपक्षी सांसदों की नारेबाजी के बीच ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू कराया और जलशक्ति मंत्रालय से संबंधित कुछ पूरक प्रश्न पूछे गए। इस दौरान स्पीकर ओम बिरला ने विपक्षी सदस्यों से नारेबाजी बंद करने और कार्यवाही चलने देने की अपील की।
ओम बिरला ने की विपक्ष से अपील
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, 'आप प्रश्नकाल के दौरान नियोजित तरीके से गतिरोध करते हैं, यह अच्छी परंपरा नहीं है। आप (कांग्रेस) ने इतने साल शासन किया है....आप सदन में व्यवधान पैदा करना करते हैं। स्पीकर का कहना था, 'मैंने कहा है कि दोपहर 12 बजे विषय को रखने देंगे, लेकिन आप चर्चा नहीं चाहते। आप महत्वपूर्ण विषयों को सदन में नहीं लाना चाहते हैं।
विज्ञापन
हंगामा न थमने पर कार्यवाही हुई स्थगित
इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, 'प्रश्नकाल में सरकार की जवाबदेही तय होती है। यह सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। आप सदस्यों का अधिकार छीनना चाहते हैं।' वहीं विपक्षी सदस्यों की तरफ से जारी हंगामा नहीं थमने पर लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही सुबह करीब 11 बजकर पांच मिनट पर दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। इसके लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर जेपीसी की रिपोर्ट सदन में पेश की गई, जिसे लेकर सदन में जमकर हंगामा हुआ, इसके बीच वित्त मंत्री ने नया आयकर विधेयक भी पेश किया। जिसके बाद विपक्ष के लगातार हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही 10 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई।
किस खबर पर विपक्षा ने किया हंगामा?
बता दें कि, विपक्षी दलों के सदस्यों ने जिस खबर को लेकर हंगामा किया, उसमें दावा किया गया है कि सरकार ने गुजरात में अदाणी समूह के नवीकरणीय ऊर्जा पार्क के लिए मार्ग प्रशस्त करने के मकसद से पाकिस्तान सीमा पर राष्ट्रीय सुरक्षा प्रोटोकॉल में ढील दी है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार ने इस कारोबारी समूह को फायदा पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाला है। वहीं अदाणी समूह की ओर से इस आरोप पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।