असम में छह महीने बाद विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उससे पहले हुए बोडोलैंड परिषद चुनाव में भाजपा ने अच्छा प्रदर्शन किया है। पार्टी ने यहां 40 में से नौ सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि 2015 में हुए चुनाव में उसे केवल एक सीट मिली थी। सत्तारूढ़ बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) को 17 और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) को 12 सीटों पर जीत मिली है।
कांग्रेस और गण सुरक्षा पार्टी (जीएसपी) को एक-एक सीट पर जीत मिली है। जबकि बदरूद्दीन अजमल की एआईयूडीएफ अपना खाता खोलने में नाकाम रही है। यह चुनाव इसलिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इन्हें विधानसभा चुनाव से पहले का सेमीफाइनल माना जा रहा है।
राज्यपाल ने स्वीकार किया दावा
भाजपा, यूपीपीएल और जीएसपी के नव-निर्वाचित 21 बीटीसी सदस्य बाद में परिषद का गठन करने के वास्ते अपना दावा पेश करने के लिए राज्यपाल जगदीश मुखी से मिलने राजभवन गए। जहां उन्होंने प्रमोद बोडो के नेतृत्व में परिषद गठन का प्रस्ताव रखा जिसे राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया। 15 दिसंबर को बीटीसी द्वारा परिषद का गठन कर लिया जाएगा।
बता दें कि राज्य सरकार में भाजपा की गठबंधन सहयोगी बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) 17 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है, वहीं यूपीपीएल ने 12, भाजपा ने नौ जबकि जीएसपी और कांग्रेस ने एक-एक सीट हासिल की है। बीपीएफ प्रमुख हाग्रामा मोहिलरी ने दिन में पहले भाजपा से परिषद का गठन करने के लिए अपना समर्थन देने की अपील की थी क्योंकि दोनों पार्टियां राज्य और केंद्र में गठबंधन में हैं।
बीपीएफ पिछले तीन कार्यकाल से परिषद का नेतृत्व कर रहा था। मोहिलरी परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य (सीईएम) के रूप में नियुक्त थे। परिषद का चुनाव नई दिल्ली में 27 जनवरी को नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (एनडीएफबी) के सभी चार धड़ों के नेताओं द्वारा नए बोडो समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद हुआ।
बीटीसी का चुनाव चार जिलों- कोकराझार, चिरांग, बक्सा और उदलगुरी में हुआ, जो बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) के अंतर्गत आता है।
यूपीपीएल के नेता प्रमोद बोरो अगले BTC प्रमुखः हिमंत बिस्वा सरमा
इस जीत के बाद असम के मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल, गण सुरखा पार्टी और बीजेपी गठबंधन के पास बहुमत है। हम अगले बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (BTC) के गठन का दावा करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपीपीएल के नेता प्रमोद बोरो अगले BTC प्रमुख होंगे।
भाजपा को मिली जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, 'एनडीए ने असम बीटीसी चुनाव में सहज बहुमत हासिल किया है। हमारे सहयोगी यूपीपीएल, सीएम सर्बानंद सोनोवाल, हिमंत बिस्वा सरमा, रणजीत कुमार दास और असम भाजपा को बधाई। मैं असम के लोगों को एक विकसित उत्तर पूर्व के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प में उनके निरंतर विश्वास के लिए धन्यवाद देता हूं।'
राज्य में मिलकर सरकार चला रहे बीपीएफ और भाजपा गठबंधन ने बीटीसी चुनाव अलग-अलग लड़ा था। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों दल एक-दूसरे के खिलाफ खड़े दिखाई दिए। भाजपा और यूपीपीएल ने किसी भी औपचारिक गठबंधन की घोषणा नहीं की है, लेकिन दोनों ने त्रिशंकु परिणाम आने की स्थिति में चुनाव के बाद संभावित गठबंधन का संकेत दिया है।
यह भी पढ़ें- असम में बोडोलैंड क्षेत्रीय परिषद के चुनाव के बाद कोकराझार, चिरांग जिलों में हिंसा