सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल लगातार अपने को अपग्रेड करने में जुटी हुई है। प्राइवेट कंपनियों के मुकाबले बीएसएनएल अपने रिचार्ज प्लान सस्ते कर रही है। तो दूसरी 4 जी और 5 जी नेटवर्क ठीक करने में जुटी हुई है। इस बीच बीएसएनएल ने उसके ग्राहकों को खुशखबरी दी है। कंपनी बहुत जल्द अपनी 5 जी सेवाएं रोल आउट करने की तैयारी कर रही है।
दरअसल,भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के आंध्र प्रदेश के प्रधान महाप्रबंधक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान घोषणा की थी कि बीएसएनएल 2025 के जनवरी महीने में अपनी 5जी सर्विस लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। फिलहाल कंपनी जल्द से जल्द 5 जी रोलआउट में सुविधा के लिए अपनी आधारभूत संरचना को अपग्रेड करने पर जोर दे रही है। इसमें टावर और अन्य आवश्यक उपकरण शामिल हैं।
हाल ही में बीएसएनएल ने मुंबई और दिल्ली में 4 जी नेटवर्क के लॉन्च को टीज किया है। लेकिन कंपनी ने ये नहीं बताया है कि वह ये सेवाएं किन शहरों में पहले लॉन्च करेगी। लेकिन कंपनी ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें बीएसएनएल और एमटीएनएल दोनों के लोगो मौजूद हैं और हाई-स्पीड कनेक्टिविटी की बात की जा रही थी। इसके बाद से बीएसएनएल 5जी सर्विस जल्द से जल्द लॉन्च होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कंपनी से जुड़े लोगों का कहना है कि, बीएसएनएल 4जी सर्विस को 5जी में बदलने पर काम कर रही है। इसका मतलब है कि 5जी सर्विस को लॉन्च करने के लिए ज्यादा इन्वेस्टमेंट की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। 5G का रोलआउट उन क्षेत्रों में शुरू होगा जहां बीएसएनएल पहले से अपनी 4G सेवाएं लॉन्च कर चुका है। इसके बाद अपग्रेड की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।