सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने गुजरात में जखाऊ तट के पास एक द्वीप से चरस के 10 पैकेट बरामद किए हैं, जिनमें प्रत्येक का वजन एक किलो है। राज्य के समुद्र तट से पिछले 12 दिनों में बरामद ऐसे पैकेटों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है। बीएसएफ ने रविवार को यह जानकारी दी।
बीएसएफ ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि ये 10 पैकेट कच्छ जिले में जखाऊ तट से करीब 15 किलोमीटर दूर इब्राहिम पीर बेट द्वीप से बरामद किए गए। इसमें कहा गया है कि प्रतिबंधित पदार्थ नीले रंग के प्लास्टिक के थैलों में पैक किया गया था, जिन पर 'अफगान प्रोडक्ट' छपा हुआ था।
इसमें कहा गया है, 12 अप्रैल को (गुजरात तट से) इस तरह की पहली खेप बरामद होने के बाद से यह छठी बरामदगी है। तब से तलाशी अभियान में कुल 27 पैकेट बरामद किए गए हैं। ऐसा लगता है कि ये पैकेट गहरे समुद्र की लहरों के साथ बहकर भारतीय तट पर पहुंच गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि तलाशी अभियान जारी है और ऐसे और पैकेट बरामद होने की संभावना है।