बीएसएफ दक्षिण बंगाल सीमांत के जनसंपर्क अधिकारी डीआईजी एनके पांडे ने बताया कि मंगलवार को बीएसएफ की 32वीं वाहिनी को गोपनीय सूचना मिली कि नदिया जिले के बनपुर गांव से सोने की बड़ी तस्करी हो सकती है। सूचना के आधार जवानों ने टीम बनाकर बनपुर सीमा क्षेत्र में घात लगाकर तस्करों को पकड़ने की योजना बनाई। कुछ समय बाद जवानों ने एक संदिग्ध भारतीय तस्कर को सीमावर्ती गांव फूलबाड़ी (बनपुर) की तरफ से आते हुए देखा। संदिग्ध तस्कर ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पहुंचकर बांग्लादेश की तरफ से फेंके गए दो पैकेट को उठा लिया। जैसे ही संदिग्ध तस्कर पैकेट को लेकर वापस लौटने लगा, जवानों ने उसे घेर लिया।
उन्होंने आगे बताया कि जवानों से घिरता देख तस्कर भागने की कोशिश करने लगा, इस दौरान जवानों ने तस्कर को रुकने की चेतावनी देते हुए सुरक्षित दिशा में पीएजी का एक राउंड चलाया, जिससे संदिग्ध तस्कर घबरा गया और बीएसएफ के जवानों ने हुए उसे पकड़ लिया। पकड़े गए तस्कर के पास से दो छोटे पैकेट बरामद हुए, जिनके अंदर से सोने की 4 बार, 5 सोने के बिस्कुट व सोने का एक छोटा टुकड़ा मिला, जिनका कुल वजन लगभग 1745 ग्राम व अनुमानित कीमत 1,48,93,575 रुपये है। पकड़े गए तस्कर को जब्त किए गए सोने के साथ संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है।