सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने अलग-अलग घटनाओं में पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में गैरकानूनी ढंग से भारत-बांग्लादेश सीमा पार कर रहे पांच बांग्लादेशियों और 12 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया हैं। ये सभी लोग जिले के रामनगर आउटपोस्ट पर गुरुवार को सीमा पार करने की कोशिश कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक दलाल भी है।
बीएसएफ ने बताया कि गिरफ्तार किए गए भारतीयों ने स्वीकार किया है कि वे लोग पहले भी बीनापोल इलाके में सीमा पार कर बांग्लादेश अपने रिश्तेदारों से मिलने गए थे और फिर वापस लौट आए थे। बांग्लादेशियों का कहना है कि वे मजदूर के तौर पर काम करने बंगलूरू जा रहे थे। पकड़े गए सभी लोगों को हंसखली पुलिस थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।
एक अन्य घटना में गुरुवार को ही खासमहल आउटपोस्ट पर बीएसएफ की पेट्रोलिंग टीम ने एक भारतीय नागरिक को 10 जानवरों के साथ पकड़ा। वह इन जानवरों को बांग्लादेश भेजने की कोशिश में था। उसके साथ आए अन्य लोग फरार हो गए। पकड़े गए जानवरों की कीमत स्थानीय बाजार में करीब 2,25,230 रुपये आंकी गई है।