पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष जनरल कमर बाजवा के कार्यकाल को तीन साल बढ़ाने पर भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ ने कहा कि मुझे नहीं पता कि उनकी क्या प्रणाली है और वह किस तरह से काम करती है। यह बातें उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम से बाहर आते हुए कहीं। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद थे। नई दिल्ली में आयोजित इस सेमिनार में भारतीय वायुसेना के स्वदेशीकरण योजनाओं द्वारा रक्षा उपकरणों के स्वदेशीकरण प्रयासों शीर्षक की किताब का विमोचन किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हालिया स्ट्रइक से भारतीय सशस्त्र बलों की घातकता का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा, 'वायु सेना तकनीकी रूप से उन्नत और अत्यंत शक्तिशाली बल है। हमारे पड़ोस में आतंकवादी संगठनों के खिलाफ हाल ही में की गई स्ट्राइक भारतीय सशस्त्र बलों की घातकता और प्राणघातक शक्ति तक पहुंच दिखाता है।' उन्होंने आगे कहा, 'हमने निजी रक्षा क्षेत्र को सरकारी संस्थाओं में परीक्षण सुविधाएं प्रदान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसे लेकर औपचारिक तौर पर एक सरकारी आदेश जारी किया जाएगा। इसने रास्ते की उन तमाम बाधाओं को दूर कर दिया है जो निजी संस्थाओं द्वारा परीक्षण सुविधाओं का उपयोग करने के बीच में आती थीं।'