फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Liquor Policy Case: ईडी ने बीआरएस नेता के. कविता से घंटों की पूछताछ, 16 मार्च को फिर किया तलब

Sat, 11 Mar 2023 12:04 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तेलंगाना के सीएम केसी राव की बेटी और एमएलसी के कविता से शनिवार को नौ घंटे पूछताछ की। ईडी ने कविता को पूछताछ के लिए 16 मार्च को फिर हाजिर होने को कहा है। इस मामले में सीबीआई भी पूछताछ कर चुकी है। 
विज्ञापन
के. कविता - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली शराब घोटाले में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की एमएलसी और तेलंगाना के सीएम केसीआर की बेटी के कविता से दिल्ली में ईडी ने 9 घंटे तक पूछताछ की और 16 मार्च को फिर से पेश होने को कहा है। के कविता शनिवार सुबह 11 बजे ईडी मुख्यालय पहुंचीं। ईडी ने हैदाराबाद के गिरफ्तार कारोबारी अरुण रामचंद्रन पिल्लई के सामने बिठाकर कविता से पूछताछ की। पिल्लाई घोटाले में शामिल शराब कारोबारियों के ‘दक्षिण समूह’ का प्रमुख चेहरा बताया जा रहा है और उसे ईडी ने इसी हफ्ते गिरफ्तार किया है। वह 12 मार्च तक ईडी की हिरासत में है। वह उन कारोबारियों में है जिन्होंने आप को दिल्ली के शराब बाजार में मोटा मुनाफा कमाने के एवज में 100 करोड़ की रिश्वत दी थी। ईडी ने कविता को 9 मार्च को बुलाया था लेकिन अपनी पूर्व निर्धारित भूख हड़ताल के चलते कविता ने शनिवार का समय मांगा था। सीबीआई भी पहले इस मामले में बीआरएस नेता से पूछताछ कर चुकी है। कविता ने आरोप लगाया था कि चूंकि भाजपा तेलंगाना में ‘बैकडोर एंट्री’ नहीं कर पाई इसलिए केंद्र उनके खिलाफ ईडी का दुरुपयोग कर रहा है।

विज्ञापन


इस बीच कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद में मोदी के खिलाफ पोस्टर लहराए। इनमें पीएम मोदी को ‘लोकतंत्र का विनाशक’ और ‘पाखंड का पितामाह’ बताया। इन्हें हैदराबाद की दीवारों पर भी चस्पा किया गया है। इधर,  दिल्ली में भी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और केंद्र के खिलाफ नारेबाजी की।  कविता ने हाल ही में एक प्रेस कान्फ्रेंस में जोर देकर कहा था कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है।

धमकाने वाली रणनीतियों से डिगेंगे नहीं : कविता
बीआरएस एमएलसी कविता ने ईडी के समन को केंद्र सरकार की ओर से तेलंगाना के सीएम केसीआर और उनकी पार्टी बीआरएस को धमकाने की रणनीति करार दिया। उन्होंने ट्वीट किया, मैं केंद्र में सत्ताधारी पार्टी को बताना चाहूंगी कि हमारे नेता, सीएम केसीआर और बीआरएस पार्टी के खिलाफ डराने-धमकाने के ये हथकंडे हमें डिगा नहीं पाएंगे।
विज्ञापन

 


सिसोदिया मुख्य आरोपी हो सकते हैं मगर केजरीवाल सरगना : ठाकुर
नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने केंद्र की ओर से जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर विपक्ष को निशाना बनाए जाने के आरोपों पर शनिवार को  आप और बीआरएस पर निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री ने शराब घोटाले के मुद्दे पर कहा कि आप नेता मनीष सिसोदिया इस मामले में मुख्य आरोपी हो सकते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पूरे घोटाले के सरगना हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह मैसेज किसने भेजा ‘वी को पैसों की जरूरत है’? अरविंद केजरीवाल आपका विजय नायर से क्या संबंध है? क्या आबकारी नीति तैयार करते वक्त विजय नायर मौजूद था। पैसे के इस लेनदेन में कौन माध्यम था?

बीआरएस एमएलसी पर भी साधा निशाना
ठाकुर ने के. कविता पर भी निशाना साधा और कहा, नौ साल के शासन में क्या केवल एक ही महिला सशक्त हुई? जब भ्रष्टाचार और घोटाले के गंभीर आरोपों में उलझते हैं, तब आपको महिला सशक्तीकरण का मुद्दा याद आता है। क्या आप तेलंगाना में लूट को कम करने में कामयाब रहे जो आपने दिल्ली पहुंचने का फैसला किया है। ब्यूरो

ईडी ने दस्तावेज पर कराए थे जबरन दस्तखत : पिल्लई
कारोबारी अरुण रामचंद्र पिल्लई ने दिल्ली की एक अदालत का रुख कर ईडी पर बयान में जबरन दस्तखत कराने का आरोप लगाया है। ईडी ने दावा किया था कि पिल्लई बीआरएस एमएलसी के कविता का करीबी है। विशेष जज एमके नागपाल ने पिल्लई के आवेदन पर ईडी को नोटिस जारी कर 13 मार्च तक जवाब मांगा है। पिल्लई के वकील ने शुक्रवार को अदालत के समक्ष दायर आवेदन में कथित तौर पर एजेंसी के समक्ष दर्ज कराए गए बयानों को वापस लेने की मांग की है। पिल्लई ने दावा किया कि ईडी ने उससे दो दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर कराए और उन्हें बयान के रूप में पेश किया।

आप ने भाजपा पर बोला हमला 
आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर अपने एक खास मकसद के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप मढ़ा है। कहा है कि भाजपा वन नेशन, वन लीडर में भारत को तब्दील करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। मनीष सिसोदिया का एक मात्र अपराध है कि उन्होंने केजरीवाल व आम आदमी पार्टी को छोड़ने से इन्कार कर दिया। राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने कहा है कि भाजपा ऐसी वॉशिंग मशीन है, जिसमें एक तरफ से भ्रष्टाचारी को डालो तो दूसरी तरफ से क्लीन चिट होकर निकलते हैं। केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के पीछे की वजह यही है कि भाजपा भारत को विपक्ष मुक्त बनाना चाहती है। ताकि देश में सिर्फ एक ही पार्टी-एक ही नेता हो और विपक्षी दल या उसके नेता अपना सिर उठाने की हिम्मत न करें।

भाजपा में शामिल होने के बाद धुल जाते हैं भ्रष्टाचार के दाग  
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा में शामिल होने वालों के सभी दाग धुल जाते हैं। आप के वरिष्ठ नेता दिलीप पांडे का कहना है कि भाजपा प्यूरीफायर पार्टी बन गई है। इसमें जाते ही हिमंत विश्व शर्मा, नारायण राणे, सुभेंदु अधिकारी सहित अन्य नेताओं के दाग धुल गए, जबकि सीबीआई को मनीष सिसोदिया के खिलाफ एक भी साक्ष्य नहीं मिले हैं, लेकिन उन्हें जेल में डाल दिया है। भाजपा नहीं चाहती कि वह बाहर आ पाएं, इसके लिए जमानत मिलने से पहले ईडी ने उनको गिरफ्तार कर लिया। केंद्र सरकार अदाणी के घोटाले से देश का ध्यान हटाने के लिए ऐसा कर रही है। 

विज्ञापन

कविता से पूछताछ कर चुकी है सीबीआई 
इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) पहले ही बीआरएस नेता कविता से पूछताछ कर चुकी है। आरोप लगाया गया है कि दिल्ली सरकार की शराब व्यापारियों को लाइसेंस देने की आबकारी नीति में कुछ डीलरों का पक्ष लिया गया था, इसके लिए उन्होंने कथित तौर पर रिश्वत दी थी। हालांकि, दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने इसका खंडन किया है। वहीं, इस मामले का खुलासा होने के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल ने आबकारी नीति को रद्द कर दिया था। साथ ही सीबीआई जांच की सिफारिश की थी, जिसके बाद ईडी ने भी पीएमएलए के तहत मामला दर्ज किया था।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें