फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परिसीमन पर बीआरएस की शर्त: बोली- दक्षिण की 24% सीटें सुरक्षित रहें, 1971 जनगणना आधार हो, समर्थन देगी पार्टी?

Fri, 27 Nov 2026 03:29 PM IST
राकेश कुमार एएनआई, हैदराबाद।

सार

बीआरएस परिसीमन का समर्थन करने को तैयार है, लेकिन दक्षिण भारत की लोकसभा में 24 फीसदी हिस्सेदारी और 1971 की जनगणना का आधार बनाए रखने की शर्त रखी है। पार्टी का कहना है कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों को प्रतिनिधित्व में नुकसान नहीं होना चाहिए।
 
विज्ञापन
परिसीमन पर दक्षिण भारत की मांगे - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

संसद में परिसीमन विधेयक पेश करने से पहले एक बार फिर से राजनीतिक बहस तेज हो गई है। दक्षिण भारत के राज्यों को लोकसभा में मिलने वाली हिस्सेदारी को लेकर विपक्षी दलों ने चिंता जताई है। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने साफ किया है कि वह परिसीमन के विरोध में नहीं है। लेकिन पार्टी की मांग है कि दक्षिण भारत की मौजूदा 24 फीसदी संसदीय हिस्सेदारी सुरक्षित रखी जाए। इसके अलावा, 1971 की जनगणना को आधार बनाए रखने की भी शर्त रखी गई है।
विज्ञापन


बीआरएस के प्रवक्ता रावुला श्रीधर ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी परिसीमन का समर्थन तभी करेगी, जब दक्षिण भारतीय राज्यों के हितों की रक्षा की जाएगी। उनका कहना है कि जनसंख्या नियंत्रण के उपायों को प्रभावी तरीके से लागू करने वाले राज्यों को इसका नुकसान नहीं होना चाहिए।

परिसीमन पर बीआरएस की क्या मांग?
बीआरएस प्रवक्ता रावुला श्रीधर रेड्डी ने कहा कि पार्टी लोकसभा और तेलंगाना में निर्वाचन क्षेत्रों के आकार में असमानता दूर करने के पक्ष में है। संसदीय प्रतिनिधित्व बढ़ाने का भी वह स्वागत करती है। हालांकि, श्रीधर ने कहा कि दक्षिण भारत की मौजूदा हिस्सेदारी में कमी नहीं होनी चाहिए। फिलहाल लोकसभा में दक्षिण भारतीय राज्यों की हिस्सेदारी 24 फीसदी है। पार्टी चाहती है कि परिसीमन के बाद भी यह हिस्सेदारी बनी रहे।
विज्ञापन


उन्होंने कहा, 'बीआरएस परिसीमन के खिलाफ नहीं है। हम प्रतिनिधित्व बढ़ाने और लोकसभा के साथ तेलंगाना में निर्वाचन क्षेत्रों के आकार में असमानता दूर करने का स्वागत करते हैं। लेकिन दक्षिण भारतीय राज्यों के प्रतिनिधित्व और उनके हितों की रक्षा होनी चाहिए। लोकसभा में दक्षिण भारत की मौजूदा 24 फीसदी हिस्सेदारी सुरक्षित रहनी चाहिए।'

दक्षिण भारत के आर्थिक योगदान का भी ध्यान रखने की मांग
श्रीधर ने केंद्र सरकार से दक्षिण भारतीय राज्यों के आर्थिक योगदान को भी ध्यान में रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन राज्यों ने देश की आर्थिक वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। साथ ही, जनसंख्या नियंत्रण के प्रयासों में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। श्रीधर ने कहा कि इन प्रयासों के कारण राज्यों को संसदीय प्रतिनिधित्व में नुकसान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत के हित सुरक्षित रहने पर बीआरएस परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी। अन्यथा पार्टी चुप नहीं बैठेगी।



मसौदे का इंतजार कर रही है वाईएसआरसीपी
आंध्र प्रदेश की वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) भी परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के पक्ष में है। हालांकि, पार्टी चाहती है कि इसमें क्षेत्रीय संतुलन और राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का ध्यान रखा जाए। वाईएसआरसीपी सांसद गुरु मूर्ति ने कहा कि पार्टी विधेयक का समर्थन करती है। लेकिन अभी मसौदे का इंतजार है। शुक्रवार शाम तक मसौदा मिलने की उम्मीद है। इसके बाद पार्टी इसके प्रावधानों की समीक्षा करेगी और अपनी विस्तृत प्रतिक्रिया देगी।

यह भी पढ़ें: 'एक समुदाय को ही मिल रही तरजीह': पूर्व सीजेआई गवई का राष्ट्रपति को पत्र, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम पर लगाए आरोप

दक्षिणी राज्यों को किस बात की चिंता?
आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक जैसे राज्यों को आशंका है कि जनसंख्या के आधार पर सीटों का पुनर्वितरण होने पर लोकसभा में उनकी हिस्सेदारी कम हो सकती है। इसकी तुलना उन राज्यों से होगी, जहां जनसंख्या वृद्धि अधिक रही है।

संविधान के मौजूदा प्रावधानों के तहत राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का आवंटन 1971 की जनगणना के आधार पर कायम रखा गया है। इस रोक को 2026 के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने तक बढ़ाया गया है। ऐसे में परिसीमन को लेकर जनसंख्या आधारित प्रतिनिधित्व और जनसंख्या नियंत्रण करने वाले राज्यों के हितों के बीच संतुलन की बहस तेज है।
विज्ञापन


30 नवंबर से संसद का सत्र, परिसीमन पर नजर
संसद का सत्र 30 नवंबर से फिर शुरू होने वाला है। लोकसभा सचिवालय के मुताबिक, 18वीं लोकसभा के आठवें सत्र का दूसरा चरण 30 नवंबर से शुरू होगा। सरकारी कामकाज की जरूरत के अनुसार तीन दिसंबर तक चल सकता है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति से क्रमशः 30 नवंबर और दो दिसंबर को सदनों की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है।

सरकार ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस सत्र में कौन से विधेयक पेश किए जाएंगे। लेकिन सत्र की घोषणा के बाद परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण लागू करने को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। संसद का पिछला सत्र मानसून सत्र था, जो 13 अगस्त को समाप्त हुआ था। दोनों सदनों की बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के जरिए लोकसभा की कुल सीटें बढ़ाकर 850 करने का लक्ष्य बताया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें