फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Telangana: बीआरएस ने NDA सरकार पर तेलंगाना विरोधी होने का लगाया आरोप; पीएम मोदी की यात्रा का करेगी बहिष्कार

Fri, 07 Jul 2023 03:32 PM IST
देव कश्यप पीटीआई, हैदराबाद।

सार

बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने आरोप लगाया कि आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम में तेलंगाना से किया गया कोई भी वादा केंद्र द्वारा लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, पीएम मोदी ने एक साल पहले गुजरात के दाहोद में 20,000 करोड़ रुपये की लागत वाली लोकोमोटिव कोच फैक्ट्री की आधारशिला रखी थी, लेकिन तेलंगाना के वारंगल में 521 करोड़ रुपये की वैगन निर्माण इकाई की घोषणा की
विज्ञापन
बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (फाइल फोटो) - फोटो : Facebook
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तेलंगाना की सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने केंद्र की एनडीए सरकार पर तेलंगाना विरोधी होने का आरोप लगाया है। सत्तारूढ़ बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार पिछले नौ वर्षों से तेलंगाना विरोधी रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शनिवार को होने वाली राज्य की यात्रा का बहिष्कार करेगी। मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के बेटे रामाराव ने दावा किया कि 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से ही पीएम मोदी का रवैया तेलंगाना विरोधी रहा है।

विज्ञापन


उन्होंने आरोप लगाया कि आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम में तेलंगाना से किया गया कोई भी वादा केंद्र द्वारा लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, पीएम मोदी ने एक साल पहले गुजरात के दाहोद में 20,000 करोड़ रुपये की लागत वाली लोकोमोटिव कोच फैक्ट्री की आधारशिला रखी थी, लेकिन तेलंगाना के वारंगल में 521 करोड़ रुपये की वैगन निर्माण इकाई की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम के अनुसार तेलंगाना में एक रेलवे कोच फैक्ट्री स्थापित की जानी थी।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, गुजरात के लिए 20,000 करोड़ रुपये की कोच फैक्ट्री। लेकिन, तेलंगाना के लिए 521 करोड़ रुपये। मानो भीख दी जा रही हो। तेलंगाना सरकार में नगरपालिका प्रशासन मंत्री रामाराव ने कहा, एक निजी कंपनी ने 1,000 करोड़ रुपये के निवेश से तेलंगाना में एक कोच फैक्ट्री स्थापित की है, अगर मोदी सरकार 521 करोड़ रुपये से एक फैक्ट्री स्थापित करती है तो तेलंगाना के लोग इसे स्वीकार नहीं करेंगे।
विज्ञापन


उन्होंने कहा, राज्य सरकार ने वारंगल के पास एक आदिवासी विश्वविद्यालय स्थापित करने के लिए 300 एकड़ से अधिक जमीन उपलब्ध कराई है, लेकिन अभी तक इसे मंजूरी नहीं दी गई है। आदिवासी विश्वविद्यालय की स्थापना आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम में उल्लिखित एक आश्वासन है। रामाराव ने दावा किया कि मोदी ने पहले यह कहकर ''तेलंगाना के निर्माण'' का अपमान किया है कि कांग्रेस ने एक बच्चे (तेलंगाना) को जन्म दिया लेकिन उसकी मां (आंध्र प्रदेश) को मार डाला। उन्होंने मोदी के प्रधानमंत्रित्व काल के दौरान कथित सांप्रदायिक गड़बड़ी का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा, हम सभी ने फैसला कर लिया है। निश्चित रूप से हममें से कोई भी कल उनकी (मोदी) यात्रा में शामिल नहीं होगा। क्योंकि, 520 करोड़ रुपये देने का उनका कदम, भीख देने जैसा है और यह तेलंगाना समाज का अपमान है। निश्चित ही हम बहिष्कार करेंगे। हम उनके कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।

तेलंगाना के खम्मम में हाल ही में एक सार्वजनिक बैठक में बीआरएस पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हमले के बारे में पूछे जाने पर, रामाराव ने कहा कि राहुल गांधी किस क्षमता के आधार पर नीतिगत घोषणाएं कर रहे हैं। उन्होंने कहा, राहुल गांधी यहां आते हैं और नीतिगत बयान देते हैं। वह किस हैसियत से बयान दे रहे हैं? क्या वह कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष हैं? क्या वह तेलंगाना में कांग्रेस के अध्यक्ष हैं? क्या वह संसद सदस्य भी हैं? राहुल गांधी ने हाल ही में बीआरएस को भाजपा की बी टीम करार दिया था।

विज्ञापन

प्रधानमंत्री तेलंगाना में कल 6,100 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की करेंगे शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को वारंगल में लगभाग 6,100 करोड़ रुपये की कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कार्यक्रमों में शामिल होने से पहले प्रसिद्ध भद्रकाली मंदिर जाएंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की इस चुनावी राज्य में इस वर्ष यह तीसरी यात्रा है। इससे पहले वह जनवरी और अप्रैल माह में तेलंगाना आए थे।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री 500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली रेलवे वैगन विनिर्माण इकाई, काजीपेट की आधारशिला भी रखेंगे। इस आधुनिक विनिर्माण इकाई में उन्नत वैगन निर्माण क्षमता होगी। इससे स्थानीय रोजगार सृजन  और आस-पास के क्षेत्रों में सहायक इकाइयों के विकास में मदद मिलेगी।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
प्रधानमंत्री की वारंगल यात्रा के मद्देनजर तेलंगाना पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। बयान में कहा गया कि पुलिस महानिदेशक अंजनि कुमार ने वारंगल के आयुक्त एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सुरक्षा इंतजामों पर समीक्षा बैठक की । कुमार ने कहा कि संबद्ध विभागों को समन्वय से काम करना चाहिए ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान कोई चूक नहीं हो।

वारंगल के पुलिस आयुक्त एवी रंगनाथ ने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को प्रभारी नियुक्त किया गया है, साथ ही मामुनूर, भद्रकाली मंदिर और आर्ट्स कॉलेज में कड़े सुरक्षा इंतेजाम किए गए हैं। रंगनाथ ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में 3,500 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें