ब्रिटेन में गुजराती एसोसिएशन के एक शादी समारोह में गोलीबारी होने की खबर है। गनीमत रही कि गोलीबारी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किस कारण गोलीबारी हुई और गोलीबारी करने वाले लोग कौन थे? पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए लोगों से मदद मांगी है और कहा है कि जिसे भी घटना के बारे में जानकारी मिले, वह पुलिस को सूचित करे।
क्या है मामला
घटना ब्रिटेन के वेस्ट मिडलैंड क्षेत्र के वोल्वरहैंप्टन इलाके की है। जहां शनिवार रात को गुजराती एसोसिएशन का एक शादी समारोह का कार्यक्रम चल रहा था। इस कार्यक्रम में 100 से ज्यादा मेहमान मौजूद थे। वोल्वरहैंप्टन पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पर फायरिंग की। इसके बाद शादी समारोह से किसी व्यक्ति ने फायरिंग करने वाले व्यक्ति की तरफ फायरिंग की। गनीमत रही कि इस गोलीबारी में किसी को गोली नहीं लगी। पुलिस का कहना है कि ये किस्मत की बात ही थी हादसे में कोई घायल नहीं हुआ वरना लोगों की जान भी जा सकती थी।
पुलिस घटनास्थल पर सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही पुलिस शादी समारोह में मौजूद मेहमानों से भी पूछताछ कर रही है ताकि हमलावरों के बारे में कोई सुराग मिल सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जिसे भी हादसे के बारे में जानकारी हो, वह पुलिस को सूचित करे।