कोरोना संक्रमण के कारण शरीर को हुए नुकसान का अंदाजा लगा पाना मुश्किल है। ब्रिटेन के बायोबैंक द्वारा एकत्र किए गए आंकड़ों के आधार पर वैज्ञानिकों का कहना है कि कोरोना वायरस से मस्तिष्क के ग्रे मैटर के साथ कुछ ऊतकों को भी नुकसान हुआ है।
ब्रिटेन के बायोबैंक ने मस्तिष्क के अध्ययन के बाद किया दावा
ब्रिटेन के बायोबैंक के वैज्ञानिकों का कहना है कि वायरस से मस्तिष्क के उस हिस्से को नुकसान हुआ है जिससे सूंघने और स्वाद लेने के साथ मस्तिष्क के काम करने और याद करने की क्षमता होती है। वैज्ञानिकों ने यह दावा लोगों के मस्तिष्क के प्री और पोस्ट कोविड-19 का विश्लेषण करने के बाद किया है।
ब्रिटेन के बायोबैंक ने महामारी की शुरुआत होने से पहले 40,000 लोगों के मस्तिष्क की जांच की। इसके बाद 782 लोगों को वर्ष 2021 में दूसरी बार जांच के लिए बुलाया गया। इसमें देखा गया कि 404 लोगों के मस्तिष्क के बाएं तरफ के हिस्से में ग्रे मैटर को नुकसान हुआ है।
कोरोना से तंत्रिका तंत्र भी प्रभावित
यूके बैंक के शोध में एम्स नई दिल्ली के न्यूरोलॉजी विभाग के हेड डॉ एमवी पद्म श्रीवास्तव का कहना है कि इस अध्ययन से स्पष्ट होता कि कोरोना वायरस के कारण मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र को भी नुकसान हो रहा है। ऐसे में कोरोना संक्रमण के दौरान मस्तिष्क संबंधी तकलीफ को नजर अंदाज नहीं करना चाहिए।