पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक ऐसी शादी हुई है जो देशभर में चर्चा का विषय बन चुकी है। दरअसल इसके पीछे की वजह है दुल्हन के पिता। जिन्होंने शादी के दौरान होने वाली कन्यादान की रस्म निभाने से मना कर दिया। वहीं इस शादी की एक और बात बाकी शादियों से अलग थी। अधिकतर शादियों को पुरुष पंडित ही संपन्न करवाते हैं लेकिन इस शादी में एक महिला पंडितों ने मंत्र पढ़े।
शादी की ये रस्म निभाने से मना करने वाले पिता का कहना है कि उनकी बेटी कोई संपत्ति नहीं है, जो किसी को दी जाए। इसलिए उन्होंने ये रस्म निभाने से मना किया है। इस बात की जानकारी एक ट्विटर यूजर अस्मिता घोष ने दी है। उन्होंने शादी की तस्वीर ट्वीट कर बताया कि शादी को महिला पंडित ने संपन्न कराया है।
जहां कुछ लोगों ने इसे एक अच्छा कदम बताया है, वहीं कुछ लोगों का कहना है कि दुल्हन को संपत्ति बताना गलत है। शास्त्रों में ऐसी कोई बात नहीं लिखी है। एक अन्य ट्विटर यूजर ने लिखा है कि अगर धर्म को नहीं मानना तो कोर्ट मैरिज कर सकते हो, लेकिन सिल्क की साड़ी और सिर पर टियारा रखकर ड्रामा क्यों कर रहे हो। वहीं एक यूजर का कहना है कि परंपरा को नियम से निभाएं या फिर पूरी तरह से बहिष्कार करें।