फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Live : ओडिशा विधानसभा स्पीकर ने तीन भाजपा विधायकों को किया निलंबित, समर्थकों ने दिया धरना

Sun, 04 Apr 2021 12:07 AM IST
मुकेश कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
ओडिशा विधानसभा स्पीकर सूर्य नारायण पात्रो - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:13 AM, 04-Apr-2021

ओडिशा में भाजपा के तीन विधायक निलंबित

ओडिशा में विधानसभा स्पीकर सूर्य नारायण पात्रो के आसन पर कथित रूप से जूते, माइक्रोफोन और अन्य वस्तुओं को फेंकने पर निलंबित किए गए तीन भाजपा विधायकों जयनारायण मिश्रा, बिष्णु प्रसाद सेठी और मोहन मांझी के समर्थकों ने विधानसभा के बाहर धरना दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि सभी सदस्यों ने फुटेज का अवलोकन किया और उसी के आधार पर इन्हें निलंबित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
 

12:02 AM, 04-Apr-2021

कर्नाटक: 50 फीसदी क्षमता के साथ ही खुलेंगे सिनेमा हॉल

कर्नाटक सरकार ने सिनेमा हॉल में 50 फीसदी लोगों के बैठने की क्षमता को लेकर दिए अपने आदेश को आगे बढ़ा दिया है। सिनेमा हॉलों में 7 अप्रैल से यह लागू होगा।
 

11:01 PM, 03-Apr-2021

टीएमसी ने मुरारी विधानसभा क्षेत्र से बदला अपना उम्मीदवार,

तृणमूल कांग्रेस ने बीरभूम जिले के अंतर्गत मुरारी विधानसभा क्षेत्र से अपने उम्मीदवार को बदल दिया है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र से वर्तमान उम्मीदवार अब्दुर रहमान को कोरोना होने के बाद यह फैसला लिया गया है।

 

विज्ञापन
10:09 PM, 03-Apr-2021

टीएमसी उम्मीदवार शंकर कुमार नास्कर के खिलाफ पैसे बांटने के आरोप

पश्चिम बंगाल भाजपा ने निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं को कथित रूप से धन वितरित करने के लिए फाल्टा विधानसभा सीट से टीएमसी उम्मीदवार शंकर कुमार नास्कर के खिलाफ मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराई और उनकी उम्मीदवारी को रद्द करने की मांग की।

10:02 PM, 03-Apr-2021

असम के भाजपा उम्मीदवार दिगंत कलिता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज 

असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कार्यकर्ता को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कमालपुर के भाजपा उम्मीदवार दिगंत कलिता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

विज्ञापन
09:28 PM, 03-Apr-2021

टीएमसी के तीन ऑडियो टेप सामने आने का दावा: भाजपा

भाजपा के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाते हुए कहा है कि टीएमसी के तीन ऑडियो टेप आज सामने आए हैं, वे दर्शाते हैं कि आज पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नाक के नीचे किस तरह से भ्रष्ट्राचार, कटमनी का राज चल रहा है। ऑडियो टेप के जरिए पता चला कि सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर उगाही करने वालों को दिया जा रहा है। 

07:43 PM, 03-Apr-2021

टीएमसी के गुंडे जान की भीख मांगते दिखाई देंगे : योगी 

पश्चिम बंगाल के फलता में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आप सभी जिस साहस के साथ टीएमसी के गुंडों का सामना कर रहे हैं, आपको 30 दिन का इंतजार करना है। जब 2 मई को भाजपा की सरकार बंगाल में बनेगी तो टीएमसी के गुंडे उसी प्रकार जान की भीख मांगते दिखाई देंगे जैसे उत्तर प्रदेश में माफिया और गुंडे मांगते हैं।

07:03 PM, 03-Apr-2021

ओवैसी को वोट देने का मतलब भाजपा को सत्ता में लानाः ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रोड शो के दौरान कहा कि असदुद्दीन ओवैसी और अब्बास सिद्दीकी को भाजपा ने हिंदुओं और मुसलमानों को विभाजित करने के लिए पैसा दिया है। यदि आप एनआरसी और विभाजन नहीं चाहते हैं, तो उन्हें वोट मत दें। ओवैसी को वोट देने का मतलब होगा कि आप भाजपा को वोट दे रहे हैं। 

06:16 PM, 03-Apr-2021

सोमाली सेना के दो शिविरों में विस्फोट से नौ सैनिकों की मौत  

सोमाली सेना के दो शिविरों में एक ही समय पर हुए विस्फोट में कम से कम नौ सैनिकों की मौत हो गई। सेना ने मौतों की पुष्टि करते हुए कहा कि हमलावरों को भी ‘भारी नुकसान’ पहुंचाया गया है।

06:14 PM, 03-Apr-2021

ओडिशा विधानसभा में अध्यक्ष से बदसलूकी

ओडिशा विधानसभा में शनिवार को उस वक्त अप्रिय दृश्य देखने को मिला जब विपक्षी भाजपा के कुछ सदस्यों ने अध्यक्ष के आसन की तरफ कथित तौर पर चप्पल, ईयरफोन और कागज फेंके।

05:36 PM, 03-Apr-2021

ममता दीदी एकता में फूट डालने की कोशिश कर रही हैं: पीएम मोदी

जब अंग्रेजों ने हमारी एकता में फूट डालने की कोशिश की थी तो नेताजी सुभाष ने कहा था- भारत एक है और हर भारतीय की आशाएं, आकांक्षाएं एक जैसी हैं। आज बहुत पीड़ा होती है, जब नेताजी की इस सोच के बजाय तृणमूल कांग्रेस और ममता दीदी बोहिरागोतो की बात करती हैं।

05:28 PM, 03-Apr-2021

दीदी आपको टीएमसी सहित ‘नबन्ना’ छोड़कर जाना पड़ेगा: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि दीदी, आप बंगाल की जनता पर विश्वास करिए। वो अपना निर्णय दे चुकी है। ये तय हो गया है कि आपको अब टाका-मार-कम्पनी यानि टीएमसी सहित ‘नबन्ना’ छोड़कर जाना पड़ेगा।

05:27 PM, 03-Apr-2021

हार देख टीएमसी ने दीदी को दूसरी सीट से लड़ाया:मोदी

नंदीग्राम में अपनी हार होते देख टीएमसी ने ये तय कर लिया था कि ममता दीदी को दूसरी सीट से भी लड़ाया जाए। लेकिन कुछ समझदार लोगों ने फिर दीदी को स्पष्ट कहा कि ये उनकी दूसरी बड़ी गलती होगी।

05:22 PM, 03-Apr-2021

कला को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा सरकार प्रतिबद्ध

पीएम मोदी ने कहा कि मैं पश्चिम बंगाल के कला प्रेमियों और हर क्रिएटिव साथी को आश्वस्त करूंगा कि पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार बांग्ला साहित्य, बांग्ला सिनेमा और यहां की धरोहरों के लिए सकारात्मक माहौल बनाएगी, इसके लिए तेजी से काम करेगी।

05:20 PM, 03-Apr-2021

पश्चिम बंगाल में इलाज में कटमनी चलता है:पीएम मोदी

आज गरीब से गरीब को इलाज पर कम से कम खर्च करना पड़े, इसके लिए हर संभव कोशिश केंद्र सरकार कर रही है। लेकिन पश्चिम बंगाल में इलाज में भी कटमनी चलता है। यही वजह है कि दीदी की सरकार आयुष्मान भारत योजना से जुड़ने के बाद वापस हट गई।

05:17 PM, 03-Apr-2021

दीदी बंगाल में फास्ट ट्रैक कोर्ट बनने की अनुमति नहीं दे रही हैं:पीएम मोदी 

केंद्र सरकार, महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराधों की जल्द सुनवाई के लिए देश भर में एक हजार से ज्यादा फास्ट ट्रैक कोर्ट बनवा रही है। लेकिन यहां दीदी की सरकार ने इसकी स्वीकृति ही नहीं दी है।
 

04:58 PM, 03-Apr-2021

वाराणसी में तो आपको तिलक के साथ चोटी वाले भी मिलेंगे: पीएम मोदी

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगणा में पीएम मोदी ने कहा कि  दीदी की पार्टी अब कह रही है कि अब वह वाराणसी से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। इससे दो बातें साफ होती हैं, एक तो दीदी ने बंगाल में अपनी पराजय स्वीकार कर ली है। दूसरा- दीदी अब बंगाल के बाहर अपने लिए जगह तलाश करने में जुट गई हैं।  उन्होंने कहा कि दीदी वहां आपको तिलक वाले लोग बहुत मिलेंगे, चोटी वाले लोग भी बहुत मिलेंगे। यहां आप जय श्री राम के आह्वान से चिढ़ती हैं। वहां आपको हर-हर महादेव भी सुनने को मिलेगा। दीदी, ओ दीदी, फिर आप क्या करेंगी? मेरी आपसे एक ही प्रार्थना है, बनारस के लोगों पर, यूपी के लोगों पर गुस्सा मत करिएगा दीदी।  यूपी-बनारस के लोगों ने मुझे इतना प्यार दिया है, वो आपको भी बहुत स्नेह देंगे दीदी।

04:50 PM, 03-Apr-2021

हावड़ा के इचापुर में ममता बनर्जी का रोड शो

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हावड़ा के इचापुर पहुंची हैं, जहां वह एक रोड शो करेंगी। 

04:43 PM, 03-Apr-2021

बंगाल का नौजवान अब जम्मू-कश्मीर में बस सकता है: योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कहा था कि एक देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं चलेंगे। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने कश्मीर से 370 समाप्त कर बंगाल के नौजवानों को कश्मीर के अंदर जमीन खरीदने की अनुमति दी है। बंगाल का नौजवान अब जम्मू-कश्मीर में बस सकता है। 

04:37 PM, 03-Apr-2021

डीएमके और कांग्रेस को दलितों और महिलाओं की चिंता नहीं : नड्डा

तमिलनाडु के कराईकुड़ी में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि डीएमके और कांग्रेस नेताओं का दलितों, महिलाओं और अम्मा के खिलाफ गंदी भाषा का इस्तेमाल बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। वे सत्ता से बाहर हैं और ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। सवाल है कि वे सत्ता में आ गए तो दलितों और महिलाओं के साथ कैसा व्यवहार करेंगे? 

04:29 PM, 03-Apr-2021

हिमंत बिस्वा शर्मा को चुनाव आयोग की तरफ से राहत

चुनाव आयोग ने असम के मंत्री और भाजपा नेता हिमंत बिस्वा शर्मा के चुनाव प्रचार पर रोक की अवधि को 48 घंटे से घटाकर 24 घंटे कर दिया है।

04:25 PM, 03-Apr-2021

सचिन वाजे की एनआईए हिरासत सात अप्रैल तक बढ़ी

एनआईए की विशेष अदालत ने सचिन वाजे की एनआईए हिरासत को सात अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया है। साथ ही वाजे को सभी चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।

03:57 PM, 03-Apr-2021

हर किसान के बैंक खाते में 18,000 रुपये मिलेंगे: पीएम मोदी

बंगाल के हर एक किसान को जो दीदी ने नहीं दिया है, जो बकाया पिछला पैसा है, उसको जोड़कर हर किसान के बैंक खाते में 18,000 रुपये मिलेंगे।

03:53 PM, 03-Apr-2021

दीदी केंद्र की योजनाओं को लागू होने नहीं देती हैं: पीएम मोदी

केंद्र सरकार ने शहरों में काम करने आए रिक्शा, रेहड़ी, ठेला चलाने वाले साथियों के लिए बिना गारंटी का बैंक लोन देने की योजना शुरू की। लेकिन दीदी की सरकार ने इसे सही से लागू नहीं किया। पीएम मोदी ने कहा कि पूरे देश में आयुष्मान भारत के तहत गरीबों को 5 लाख रुपये का मुफ्त इलाज मिल रहा है। लेकिन दीदी ने आयुष्मान भारत का लाभ किसी गरीब को मिलने नहीं दिया। बंगाल का संवेदनशील समाज, इस कठोरता को, इस निर्ममता को देख भी रहा है, समझ भी रहा है।

03:50 PM, 03-Apr-2021

टीएमसी की बाड़ी और गाड़ी में इजाफा: पीएम मोदी 

बार-बार आने वाले चक्रवातों से पश्चिम बंगाल परेशान होता है, चारों तरफ तबाही आती है, गरीब की बाड़ी मिट्टी में मिल जाती है। लेकिन तृणमूल के तोलाबाजों की बाड़ी और उनकी गाड़ी का आकार बढ़ता ही जाता है।

03:46 PM, 03-Apr-2021

टीएमसी ने तो मुसीबत को ही कमाई का साधन बना दियाः पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि तृणमूल सरकार तो अपने आप में पश्चिम बंगाल के लिए आपदा सिद्ध हुई है। मानवता कहती है कि जब भी किसी पर मुसीबत आए तो मदद का हाथ आगे बढ़ाना चाहिए। लेकिन तृणमूल के लोगों ने तो मुसीबत को ही कमाई का साधन बना दिया।

03:37 PM, 03-Apr-2021

ममता दीदी बौखला रही हैं: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि दीदी की बौखलाहट का एक बहुत बड़ा कारण है, उनके 10 साल का रिपोर्ट कार्ड। पुरानी इंडस्ट्री बंद, नई इंडस्ट्री का रास्ता बंद, नए निवेश, बिजनेस और चाकरी की संभावनाएं मंद।

03:32 PM, 03-Apr-2021

दीदी, बंगाल के लोगों का अपमान मत कीजिए- मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि, दीदी ने कहा है कि भाजपा की रैली में जो भीड़ होती है, वो पैसे के लिए जुटती है। क्या बंगाल का नागरिक कभी बिक सकता है? अरे, ये तो स्वाभिमानी लोग हैं, पूरी अंग्रेज सल्तनत कुछ नहीं कर पाई बंगाल के लोगों का। दीदी, बंगाल के लोगों का अपमान मत कीजिए। ये वही लोग हैं, जिन्होंने 10 साल पहले आपको सर-आंखों पर बिठाया था। आज आप उनका अपमान कर रही हो।

03:30 PM, 03-Apr-2021

दीदी हार आपके सामने है, अब इसे स्वीकार कीजिए- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि दो मई को क्या नतीजे आने वाले हैं, इसकी झलक हम दो दिन पहले नंदीग्राम में देख चुके हैं। हर चरण के चुनाव के साथ दीदी की ये बौखलाहट बढ़ती जाएगी, मुझ पर गालियों की बौछार भी बढ़ती जाएगी। दीदी हार आपके सामने है, अब इसे स्वीकार कीजिए। हुगली के लोगों की आवाज सुनिए।

03:26 PM, 03-Apr-2021

दीदी ने बंगाल को वर्षों पीछे धकेल दिया- पीएम मोदी

बंगाल के तारकेश्वर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, बंगाल को क्या चाहिए, क्या करना है, इसे लेकर बंगाल की महान जनता में कभी भी भ्रम नहीं रहा है। इसलिए बंगाल के लोगों ने चुनाव में हमेशा स्पष्ट बहुमत को प्राथमिकता दी है। यहां की अध्ययनशील प्रतिभाएं हमेशा स्पष्ट नीति के साथ चली हैं। बंगाल के लोग हमेशा अपनी परीक्षा में पास हुए हैं। फेल वो लोग हुए हैं जिन्होंने बंगाल के लोगों की अपेक्षाओं को, उनकी आकांक्षाओं को पूरा नहीं किया। फेल वो लोग हुए, जिन्होंने बंगाल का विकास नहीं किया, बंगाल को वर्षों पीछे धकेल दिया।

02:41 PM, 03-Apr-2021

स्टालिन जी तमिलनाडु का भविष्य दांव पर लगाए हुए हैं- शाह

शाह ने कहा कि दूसरी ओर डीएमके और कांग्रेस है.. कांग्रेस का चौथा जेनरेशन (4G) चल रहा है-जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, राहुल गांधी। डीएमके तीसरा जेनरेशन (3G)है- करुणानिधि, स्टालिन और अब उदयनिधि को मुख्यमंत्री बनाने के चक्कर में स्टालिन जी तमिलनाडु का भविष्य दांव पर लगाए हुए हैं। मोदी जी को तमिलनाडु के किसान, बेरोजगार युवा और मछुआरे की चिंता है और स्टालिन जी को उदयनिधि को मुख्यमंत्री बनाने की चिंता है।

02:35 PM, 03-Apr-2021

अमित शाह का राहुल गांधी पर तंज

तमिलनाडु में गृहमंत्री अमित शाह ने एक चुनावी रैली के दौरान कहा कि एक ओर मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए है और दूसरी ओर राहुल बाबा के नेतृत्व में यूपीए है। मोदी जी एक चाय बेचने वाले से लेकर देश के पीएम बनने वाले गरीबों के मसीहा के रूप में देश का नेतृत्व कर रहें और पलानीस्वामी सामान्य कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते-करते सीएम बने हैं।

02:02 PM, 03-Apr-2021

पीएम मोदी ने तमिलनाडु को मुख्यधारा में लाने का काम किया- जेपी नड्डा

तमिलनाडु के इरोड में जेपी नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी ने तमिलनाडु को मुख्यधारा में लाने का काम किया है। 13वें वित्त आयोग में तमिलनाडु को केवल 94,000 करोड़ रुपये मिले लेकिन जब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 14वां वित्त आयोग आया तो तमिलनाडु को 5.42 लाख करोड़ रुपये दिए गए। यह 4.5 गुना था। राज्य को देश में सबसे ज्यादा 11 मेडिकल कॉलेज दिए गए।

01:56 PM, 03-Apr-2021

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि असम के मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर 48 घंटे के बैन के खिलाफ भाजपा अदालत का दरवाजा खटखटाएगी। बता दें कि चुनाव आयोग ने हिमंत बिस्वा सरमा पर 48 घंटे के लिए चुनाव प्रचार करने पर रोक लगा दी है। 

01:49 PM, 03-Apr-2021

मोदी जी जाफना जाने वाले पहले प्रधानमंत्री- जेपी नड्डा

तमिलनाडु के इरोड में जेपी नड्डा ने कहा कि मोदी जी श्रीलंका में जाफना जाने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने बमबारी वाले घरों का दौरा किया और फिर से उन्हें संगठित किया। उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर को भी श्रीलंका भेजा और सुनिश्चित किया कि तमिल अल्पसंख्यक सुरक्षित हैं। वहीं, स्टालिन ने कभी भी करुप्पर कूटम की निंदा नहीं की।

01:47 PM, 03-Apr-2021

डीएमके और कांग्रेस लोकतंत्र में भरोसा नहीं करते

तमिलनाडु के इरोड में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि डीएमके और कांग्रेस लोकतंत्र में भरोसा नहीं करते हैं। वे वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति में भरोसा करते हैं। वे भ्रष्टाचार में भरोसा करते हैं। डीएमके और कांग्रेस 2-जी, 3-जी, 4-जी और जीजा जी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि 2-जी का मतलब मारन परिवार की दो पीढ़ी का भ्रष्टाचार, 3-जी का मतलब स्टालिन परिवार का तीन पीढ़ी का भ्रष्टाचार, 4-जी का मतलब कांग्रेस-गांधी परिवार का 4 पीढ़ी का भ्रष्टाचार है।

01:22 PM, 03-Apr-2021

हमारे विरोधी तमिलनाडु को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं- जेपी नड्डा

तमिलनाडु के इरोड में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि तमिल सबसे पुरानी भाषाओं में से एक है। यहां की संस्कृति बहुत समृद्ध है। पीएम ने तमिल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गर्व की भाषा बनाया। हमारे विरोधी तमिलनाडु को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

01:19 PM, 03-Apr-2021

बिहार मधुबनी गोलीकांड: आठ आरोपी गिरफ्तार

बिहार: मधुबनी जिले के महमदपुर गांव में 29 मार्च को हुई गोलीकांड में नामजद 10-12 आरोपियों में से आठ को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है, जांच जारी है। जिला एसपी ने इस बात की जानकारी दी। बता दें कि इस घटना पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक की हालत गंभीर बताई गई थी। मृतकों में से एक बीएसएफ का उप-निरीक्षक था, जो होली की छुट्टी पर गांव आया था।

01:12 PM, 03-Apr-2021

असम ईवीएम मामला: गुवाहाटी में कांग्रेस नेताओं का विरोध प्रदर्शन 

असम ईवीएम मामला: गुवाहाटी में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी नेता सुष्मिता ने कहा, 'सभी भाजपा उम्मीदवार अवैध साधनों का सहारा ले रहे हैं। लोग हमारे साथ हैं, भाजपा परेशान है। चुनाव आयोग ने कृष्णेंदु पाल के खिलाफ क्या कार्रवाई की है, जिनके वाहन ईवीएम में गड़बड़ी पाई गई थी?'
 
 

01:09 PM, 03-Apr-2021

कांग्रेस ने असम को केवल बम, बंदूक और ब्लॉकेड दिया- अनुराग ठाकुर

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को  गुवाहाटी में कहा कि कांग्रेस और उनके भागीदारों ने पहले भी असम को बम, बंदूक और ब्लॉकेड दिया। आज वे लोग असम को फिर एक बार अशांति की ओर ले जाना चाहते हैं। हम असम को बाढ़, भ्रष्टाचार आतंकवाद और घुसपैठ मुक्त करेंगे।

12:12 PM, 03-Apr-2021

दीदी अब रामविरोध पर उतारू हैं- योगी आदित्यनाथ

हावड़ा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रोड शो के दौरान कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बन रही है। बंगाल की धरती पर परिवर्तन की अंगराई है। ममता पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि दीदी अब राम विरोध पर उतारू हैं। यूपी सीएम ने कहा कि जानकी राम के विरोध का त्याग जरूरी है।

 

12:09 PM, 03-Apr-2021

आपके बच्चों को बंदूक न उठानी पड़े, इसके लिए एनडीए सरकार प्रतिबद्ध- मोदी

एनडीए सरकार मानती है कि किसी भी क्षेत्र के लोगों का विकास भेदभाव से नहीं, सद्भाव से होता है। इसी सद्भावना का परिणाम है कि लंबे इंतजार के बाद ऐतिहासिक बोडो अकॉर्ड तक हम पहुंच पाए। अनेक माताओं के आंसू पोछने, अनेक बहनों की पीड़ा को दूर करने के लिए हम सभी ने मिलकर प्रयास किया। मैं यहां की माताओं- बहनों को विश्वास दिलाता हूं कि आपके बेटे के सपने पूरे करने के लिए हम लगे रहेंगे। आपके बच्चों को बंदूक न उठानी पड़े, उन्हें जंगलों में जिंदगी न गुजारनी पड़े, उन्हें किसी की गोली का शिकार न होना पड़े, इसके लिए एनडीए सरकार प्रतिबद्ध है।

12:04 PM, 03-Apr-2021

हमारी नीति में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास 

पीएम मोदी ने कहा कि हम परिश्रम करने वाले लोग हैं, समाज की सेवा के लिए दिन-रात एक करने वाले लोग हैं, विकास के लिए ईमानदारी से काम करने वाले लोग हैं। असम के लोग आज देख रहे हैं कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास हमारी नीति में भी है और नीयत में भी है। गरीबों को पक्का घर मिल रहा है, तो हर वर्ग, हर जनजाति के गरीबों को मिल रहा है। शौचालय मिला, तो भी बिना भेदभाव के सभी को मिला। गैस कनेक्शन मिला, तो बिना भेदभाव के सभी को मिला।

12:01 PM, 03-Apr-2021

सेक्यूलरिज्म-कम्यूनिज्म के खेल ने देश का बहुत नुकसान किया है- प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम जब भी कोई योजना बनाते हैं, तो सबके लिए बनाते हैं। हर क्षेत्र के लोगों को, हर वर्ग के लोगों तक, बिना भेदभाव, बिना पक्षपात, उस योजना का लाभ पहुंचाने के लिए हम कड़ी मेहनत करते हैं। देश में कुछ बातें ऐसी गलत चल रही हैं, अगर हम समाज में भेदभाव करके, समाज के टुकड़े करके अपने वोटबैंक के लिए कुछ दे दें, तो दुर्भाग्य देखिए, उसे देश में सेक्युलरिज्म कहा जाता है। लेकिन अगर सबके लिए काम करें, बिना भेदभाव के सबको देते हैं, तो कहते हैं कि ये कम्युनल हैं। सेक्यूलरिज्म-कम्यूनिज्म के इस खेल ने देश का बहुत नुकसान किया है।

11:58 AM, 03-Apr-2021

असम में हो रहा विकास यहां पर कनेक्टिविटी बढ़ा रहा है- मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मेरे राजनीतिक अनुभव के आधार पर, जनता के प्यार की भाषा, जनता के आशीर्वाद की ताकत पर मैं कहता हूं कि असम में एक बार फिर आप लोगों ने एनडीए सरकार बनाना तय कर लिया है। असम में हो रहा विकास यहां पर कनेक्टिविटी बढ़ा रहा है। असम में हो रहा विकास यहां पर लोगों का, महिलाओं का जीवन आसान बना रहा है। असम में हो रहा विकास, यहां पर नए अवसर बना रहा है, नौजवानों के लिए अवसर बढ़ा रहा है।

11:53 AM, 03-Apr-2021

असम के लोग विकास, स्थिरता, शांति, भाईचारा, सद्भावना के साथ हैं- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि असम की पहचान का बार-बार अपमान करने वाले लोग, यहां की जनता को बर्दाश्त नहीं हैं। असम को दशकों तक हिंसा और अस्थिरता देने वाले, अब असम के लोगों को अब एक पल भी स्वीकार नहीं हैं। असम के लोग विकास, स्थिरता, शांति, भाईचारा, सद्भावना के साथ हैं।

11:51 AM, 03-Apr-2021

लोगों ने तय कर लिया, इस बार फिर एनडीए की सरकार

असम के तामुलपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दो चरणों की वोटिंग के बाद आज यहां आपके दर्शन करने का मुझे अवसर मिला है। इन दोनों चरणों के बाद असम में फिर एक बार एनडीए सरकार, ये लोगों ने तय कर लिया है।

11:41 AM, 03-Apr-2021

असम के तामुलपुर में पीएम मोदी की रैली

असम: तामुलपुर में जनता का अभिवादन करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। कुछ ही देर में यहां जनसभा को संबोधित करेंगे।
 

11:38 AM, 03-Apr-2021

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की सेहत में सुधार, आईसीयू से किया गया शिफ्ट

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को आज आईसीयू से एक खास कमरे में शिफ्ट कर दिया गया है। उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। डॉक्टर उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रहे हैं और उन्हें आराम करने की सलाह दी है। बता दें कि राष्ट्रपति की 30 मार्च को एम्स में बाईपास सर्जरी हुई थी।
 

11:34 AM, 03-Apr-2021

राज्य का विकास तभी संभव है जब हम भ्रष्ट डीएमके-कांग्रेस को हराएंगे

अमित शाह ने कहा कि राज्य का विकास तभी संभव है जब हम वंशवादी और भ्रष्ट डीएमके-कांग्रेस को हराएंगे। केवल पीएम के नेतृत्व में शुरू की गई विकास यात्रा तमिलनाडु को एमजीआर और जयललिता के सपनों का बना सकती है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने अच्छा काम किया। मैं लोगों से डबल इंजन सरकार बनाने की अपील करता हूं।

11:11 AM, 03-Apr-2021

तमिलनाडु: गृह मंत्री और भाजपा नेता अमित शाह ने थाउजेंड लाइट्स विधानसभा में इस विधानसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार खुशबू सुंदर के लिए रोड शो किया।
 

10:57 AM, 03-Apr-2021

पश्चिम बंगाल में मोदी-ममता आमने-सामने

पश्चिम बंगाल में तीसरे चरण के मतदान से पहले शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हुगली जिले में आमने सामने होंगे।

10:45 AM, 03-Apr-2021

योगी आदित्यनाथ ने उलुबेरिया में रोड शो किया

पश्चिम बंगाल: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उलुबेरिया में रोड शो किया। 

09:56 AM, 03-Apr-2021

रणदीप सुरजेवाला का भाजपा पर तंज

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि चुनाव आयोग ने हेमंत विश्व सरमा को 48 घंटे के लिए चुनाव प्रचार से हटाकर साबित कर दिया कि भाजपा चुनाव हार गई है और रणनीति का सहारा ले रही है। हम चुनाव आयोग से नरेंद्र मोदी, अमित शाह, सर्बानंद सोनोवाल और जेपी नड्डा को चुनाव प्रचार से हटाने का आग्रह करते हैं, जिन्होंने असम के अखबारों में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए विज्ञापन छपवाए थे।

09:31 AM, 03-Apr-2021

पश्चिम बंगाल के नतीजे इस बार चौंकाने वाले आएंगे- नड्डा

पश्चिम बंगाल के नतीजे इस बार चौंकाने वाले आएंगे। ममता जी के राज की छुट्टी करने के लिए बंगाल की जनता आतुर बैठी है, पहले दो चरण में ये साफ हो गया है कि टीएमसी साफ और बीजेपी आ रही है। नंदीग्राम में भी भाजपा की जीत निश्चित है।

09:31 AM, 03-Apr-2021

कांग्रेस पार्टी जहां भी जाएगी घोटाला करेगी- नड्डा

कांग्रेस पार्टी जहां भी जाएगी घोटाला करेगी। इनको सेवा का 'स' भी टच नहीं करता है, ये ही इनका इतिहास रहा है। ये इतना उद्देश्यविहीन प्रोजेक्शन देते हैं कि वो कांग्रेस के मानसिक दिवालियेपन की कहानी कहता है।

09:26 AM, 03-Apr-2021

कांग्रेस ने चाय बगान के कर्मचारियों के लिए क्या किया?

जेपी नड्डा ने कहा कि इतिहास में कांग्रेस ने चाय बगान के कर्मचारियों के लिए क्या किया? मुझे समझ नहीं आता कांग्रेस में गारंटी बनाने वाले कौन हैं और उनकी जानकारियां कितनी सीमित हैं। इन्होंने किस तरीके से लोगों को बरगलाया है ये बात सब लोग जानते हैं।

09:01 AM, 03-Apr-2021

पूरे असम ने बीजेपी-एनडीए को वोट देने का फैसला किया है- नड्डा

जेपी नड्डा ने कहा कि असम ने भाजपा-एनडीए को समर्थन देने का मन बना लिया है। पहले के दो चरणों में लोगों ने एकतरफा निर्णय लिया। तीसरे चरण के लिए भी उनका निर्णय स्पष्ट है। मुझे अपनी रैलियों में भारी भीड़ दिख रही है। पूरे असम ने बीजेपी-एनडीए को वोट देने का फैसला किया है। हम यहां सरकार बनाएंगे।

08:57 AM, 03-Apr-2021

बंगाल: झाड़ी से 41 क्रूड बम बरामद, जांच जारी

बंगाल: दक्षिण 24 परगना केजिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा है कि बरुईपुर के पद्मपुकुर इलाके में छापे के दौरान शुक्रवार को एक झाड़ी से 41 क्रूड बम बरामद किए गए थे। मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, जांच जारी है।
 

08:52 AM, 03-Apr-2021

हमने हथियार रखने वाले लोगों को समाज का हिस्सा बनाने की जिम्मेदारी ली- नड्डा

जेपी नड्डा ने आगे कहा कि हमने हथियार रखने वाले लोगों को समाज का हिस्सा बनाने की जिम्मेदारी ली। 2500-3000 लोगों ने आत्मसमर्पण किया है।

08:49 AM, 03-Apr-2021

बंगाल में भाजपा की जीत तय- नड्डा

जेपी नड्डा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हम सरकार बनाने जा रहे हैं और परिणाम आश्चर्यजनक होंगे। बंगाल के लोग ममता सरकार को हटाने के लिए उत्सुक हैं। पहले दो चरणों में यह साफ हो गया कि कि टीएमसी चला गया है और यहां भाजपा की सरकार बन रही है। भाजपा की जीत तय है।

08:47 AM, 03-Apr-2021

राहुल गांधी को असम की संस्कृति का सीमित ज्ञान- जेपी नड्डा

गुवाहाटी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को असम की संस्कृति का सीमित ज्ञान है। बदरुद्दीन अजमल ने गामोसा को फेंक दिया। तो क्या वह असम की पहचान है या श्रीमंत शंकरदेव, गोपीनाथ बारदोलोई या भूपेन हजारिका असम की पहचान? अवसरवाद की राजनीति करने वाले लोग बदरुद्दीन के साथ जा रहे हैं।

08:39 AM, 03-Apr-2021

Live : ओडिशा विधानसभा स्पीकर ने तीन भाजपा विधायकों को किया निलंबित, समर्थकों ने दिया धरना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम और पश्चिम बंगाल में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें