राज्यसभा सदस्य नरेश गुजराल शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। एक दिन पहले ही उन्होंने कई सांसदों के साथ संसद की स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लिया था। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) नेता ने कहा कि उनमें कोई लक्षण नहीं था और वह ठीक हैं। उन्होंने संक्रमण के बारे में राज्यसभा सचिवालय को सूचित कर दिया है। उन्होंने कहा कि कार्मिक, जन शिकायत, विधि एवं न्याय पर संसदीय समिति की बैठक में सामाजिक दूरी का पूरा ध्यान रखा गया था और सदस्यों ने मास्क लगाए हुए थे।
पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमित 52 और मरीजों की मौत हो गई जिसके बाद राज्य में संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 1,954 हो गया। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित 2,912 नए मरीज मिलने के बाद आंकड़ा बढ़कर 89,666 पहुंच गया। पिछले 24 घंटों में 2,037 मरीजों को संक्रमणमुक्त होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। राज्य में फिलहाल 24,652 मरीज उपचाराधीन हैं।
उत्तराखंड में शुक्रवार को एक दिन में रिकार्ड 10 कोविड मरीजों की मौत हो गई जिससे इस महामारी से मरने वालों का आंकडा 112 पहुंच गया। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, चार मरीजों की मौत दून मेडिकल कॉलेज में हुई जबकि तीन अन्य ने ऋषिकेश स्थित एम्स में और तीन अन्य ने हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में दम तोड़ा । महामारी से अब तक प्रदेश में 112 कोविड मरीजों की मौत हो चुकी है।
इसके अलावा, प्रदेश में शुक्रवार को 278 नए मामलों में कोविड—19 की पुष्टि होने से महामारी से पीडितों की संख्या बढकर 8901 हो गई। कोरोना वायरस से संक्रमित सर्वाधिक 85 ताजा मामले उधमसिंह नगर में मिले हैं जबकि हरिद्वार जिले में 73, नैनीताल जिले में 34 और देहरादून जिले में 21 मरीज सामने आए हैं।
मणिपुरः पिछले 24 घंटे में 165 सीएपीएफ कर्मियों सहित 249 लोग पॉजिटिव
मणिपुर में पिछले 24 घंटे में 165 सीएपीएफ कर्मियों सहित 249 लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके बाद यहां कुल मामले 3,466 हो गए हैं। इनमें 1,926 ठीक और 10 मौतें शामिल हैं।
आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में 10171 नए मामले, 89 की मौत
आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 10,171 नए मामले सामने आए, 7594 लोग ठीक हुए और 89 लोगों की मौत हो गई। कुल मामलों की संख्या अब 2,06,960 हो गई है, जिनमें 1,20,464 लोग ठीक हो चुके हैं और 1,842 लोगों की मौत हो गई है। फिलहाल, सक्रिय मामलों की संख्या 84,654 है।
महाराष्ट्र में आज कोरोना के 10483 नए मामले सामने आए और 300 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 4,90,262 हो गई है। इनमें 1,45,582 मामले सक्रिय हैं, 3,27,281 लोग ठीक हो चुके हैं और 17,092 लोगों की मौत हो चुकी है।
उत्तराखंड में 278 नए मामले
उत्तराखंड में 278 नए मामले सामने आए। राज्य में कुल मामलों की संख्या 8,901 हो गई है।
हरियाणा में आज 751 नए मामले, नौ लोगों की मौत
हरियाणा में आज कोरोना के 751 नए मामले सामने आए और नौ लोगों की मौत हो गई। राज्य में कुल मामलों की संख्या अब 40,054 हो गई है, जिनमें 33,444 लोग ठीक हो चुके हैं, 6143 मामले सक्रिय हैं और 467 लोगों की मौत हो गई है।
बिहार स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में छह अगस्त को 3,646 नए कोरोना पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए। इसके बाद राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 71,794 हो गई है।
रेल मंत्रालय के मुताबिक, भारी वर्षा के कारण करवार क्षेत्र के मदुरे और पेरनेम स्टेशन के बीच पेरनेम सुरंग के अंदर एक दीवार के ढहने के कारण पांच ट्रेनें डायवर्ट की गईं। इस डिवीजन में रेल यातायात को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है। किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय की सभी जरूरी अप्वाइंटमेंट्स रद्द कर दी गई हैं। यह निर्णय राज्य के ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद लिया गया है। राज्यपाल ने 30 जुलाई को सुखराम चौधरी को शपथ दिलाई थी।
केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल और कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'किसान रेल' को हरी झंडी दिखाई। 'किसान रेल' महाराष्ट्र के देवलाली स्टेशन से बिहार के दानापुर स्टेशन के लिए रवाना हुई।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 3,061 हो गई है। जिसमें 1124 सक्रिय मामले, 1897 रिकवरी और 12 मौतें शामिल हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह जानकारी दी गई है।
प्रवर्तन निदेशालय ने भारतीय वायुसेना के लिए 75 पिलाटस प्रशिक्षक विमानों की खरीद में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े धनशोधन के मामले में देशभर में छापे मारे।
दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली विश्वविद्यालय को अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए ऑनलाइन ओपन-बुक परीक्षा आयोजित करने की अनुमति दी। शेड्यूल के अनुसार कुछ दिशानिर्देशों के साथ मेल और आधिकारिक पोर्टल पर भी प्रश्न पत्र उपलब्ध करवाए जाएंगे।
सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में बिहार सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दिया है। हलफनामा में कहा गया है कि बिहार में दर्ज की गई एफआईआर में कोई गलती नहीं है। इसमें रिया चक्रवर्ती पर पैसे के लिए सुशांत को झूठ बोलने का आरोप भी लगाया गया है।
केरल के इडुक्की जिले के राजमाला में भूस्खलन, पुलिस के साथ दमकल विभाग मौके पर पहुंचा।
देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 20,27,074 हो गई है। जिनमें से 6,07,384 सक्रिय मामले हैं, 13,78,105 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 41,585 लोगों की मौत हो चुकी है।
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन और पार्टी सांसद कनिमोझी ने आज पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि की दूसरी पुण्यतिथि पर उनके स्मारक पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
हिसार में दो साल की बच्ची को पीटे जाने का वीडियो वायरल हो गया है। पुलिस ने इस मामलें में संज्ञान लेकर आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।
कोरोना वायरस से संक्रमति मरीजों के ठीक होने की दर दिन प्रतिदिन बेहतर होती जा रही है। यह निगरानी, नियंत्रण और प्रभावी नैदानिक प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित करने के कारण संभव हो पा रहा है। भारत ने कोरोना के मामलों के प्रबंधन के लिए कोविड समर्पित अस्पतालों का एक नेटवर्क बनाया है। -स्वास्थ्य मंत्रालय