फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus: महाराष्ट्र में आज कोरोना के 11088 नए मामले, 256 लोगों की मौत

Wed, 12 Aug 2020 02:12 AM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
Corona in india - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:02 PM, 11-Aug-2020

ठाणे: अस्पताल की मेडिकल शॉप में लगी आग, कोरोना मरीजों को किया शिफ्ट
ठाणे के दीया मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल की मेडिकल शॉप में मंगलवार रात करीब 11 बजे आग लग गई। दमकल की एक गाड़ी घटना स्थल पर पहुंची। इस बीच एहतियातन अस्पताल के आइसीयू वार्ड में भर्ती चार कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों को शिफ्ट किया जा रहा है। ठाणे नगर निगम की ओर से यह जानकारी दी गई है।

हिमाचल: हाईकोर्ट ने कोविड रोगियों को दूसरे अस्पताल में भेजने के निर्देश दिए
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने सिरमौर और सोलन से कोविड-19 रोगियों को शिमला के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में स्थानांतरित नहीं करने का निर्देश दिया है।

बंगलूरू: उपद्रवियों का कांग्रेस विधायक का घर पर हंगामा, तोड़फोड़
बंगलूरू में कांग्रेस विधायक श्रीनिवास मूर्ति के आवास पर उनके भतीजे द्वारा कथित रूप से भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट डालने के बाद उपद्रवियों के पथराव और आगजनी करने की घटना सामने आई है। कर्नाटक के गृह मंत्री ने कहा कि मामले की जांच की जानी चाहिए, लेकिन बर्बरता कोई हल नहीं है। अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

झारखंड में 591 नए मामले
झारखंड में मंगलवार को कोविड19 के 591 नए मामले सामने आए, जबकि 682 मरीज ठीक हुए और 3 लोगों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब 19,469 हो गई है, जिसमें से 10,555 मरीज ठीक हुए हैं और 8,720 सक्रिय मामले हैं। अब तक कुल 194 लोगों की मौत हुई है। - राज्य स्वास्थ्य विभाग

बिहार: बाढ़ के कारण 24 लोगों की मौत
बिहार में बाढ़ के कारण 16 जिलों में 24 लोगों की मौत हो गई है। करीब 75,02,621 लोग प्रभावित हुए हैं। राहत कार्य के लिए राज्य/राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की 33 टीमें तैनात की गई हैं। राज्य सरकार

मुंबई: फेक फॉलोअर्स रैकेट मामले में समन जारी
मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने फेक फॉलोअर्स रैकेट केस में बयान दर्ज कराने के लिए क्यूकी डिजिटल मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के सह-संस्थापक सागर गोखले को समन जारी किया है।

असम में पिछले 24 घंटे में 2669 नए मामले 
असम में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2669 नए मामले दर्ज किए गए। राज्य में कुल मामलों की संख्या 64,403 हो गई है। इनमें 20662 मामले सक्रिय हैं और अब तक 155 लोगों की मौत।

हमने बड़े सुरक्षित ढंग से विधानसभा को बुलाने का फैसला लिया
कोरोना को देखते हुए हमने बड़े सुरक्षित ढंग से विधानसभा को बुलाने का फैसला लिया है। दो विधायकों के बीच संपर्क न हो इसलिए 90 विधायकों की सीटों को कांच से सुरक्षित रखा है। सभी विधायकों का कोविड टेस्ट भी कराया जाएगा : छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष, चरणदास महंत (विधानसभा मानसून सत्र पर)
 

10:22 PM, 11-Aug-2020

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की बहन मीतू सिंह प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दफ्तर से बाहर निकलीं।
 

10:13 PM, 11-Aug-2020

हिमाचल प्रदेश में आज कोरोना के सात नए मामले 
हिमाचल प्रदेश में आज 2374 लोगों ने कोरोना टेस्ट कराया। इनमें से सात लोग पॉजिटिव पाए गए। राज्य में कुल मामलों की संख्या 3,497 है, जिनमें 1180 मामले सक्रिय हैं, 2273 ठीक हो चुके हैं और 16 लोगों की मौत हो चुकी है। 

मनी लॉन्ड्रिंग के बड़े रैकेट का खुलासा
भारत में मनी लॉन्ड्रिंग के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। इसमें 1000 करोड़ से ज्यादा के हवाला ट्रांजैक्शन का पता चला है। इसके लिए 40 से अधिक खाते बनाए गए थे। शेल कंपनियों के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग हो रही थी। रैकेट में कई चीनी नागरिक, उनके भारतीय सहयोगी, बैंक कर्मचारी आदि शामिल थे। इस बात की जानकारी मंगलवार को केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने दी। 

विज्ञापन
09:33 PM, 11-Aug-2020

पश्चिम बंगाल में आज 2931 नए मामले, 49 की मौत
पश्चिम बंगाल में आज कोरोना संक्रमण के 2931 नए मामले सामने आए और 49 लोगों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के कारण मरने वालों की संख्या 1640 हो गई है।  

अहमदाबाद में कोरोना के 150 नए मामले, तीन की मौत 
गुजरात के अहमदाबाद में आज कोरोना के 150 नए मामले सामने आए और तीन की मौत हो गई। इसी के साथ यहां संक्रमितों की कुल संख्या 28192 हो गई है और मौत का आंकड़ा बढ़कर 1640 हो गया है। 

नागालैंड में कोरोना के 20 नए मामले
नागालैंड में कोरोना के 20 नए मामले के साथ यहां कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3031 हो गई। 

उत्तराखंड में आज कोरोना के 411 नए मामले
उत्तराखंड में आज कोरोना के 411 नए मामले सामने आए। इसी के साथ राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 10,432 हो गई है। राज्य में 3,787 सक्रिय मामले हैं।
 

09:22 PM, 11-Aug-2020

राजस्थान में आज 1217 नए मामले, 12 की गई जान
राजस्थान में आज कोरोना वायरस संक्रमण के 1217 नए मामले दर्ज किए गए और 12 लोगों की जान चली गई। इसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 54,887 हो गई है। इनमें 13,677 मामले सक्रिय हैं और 811 लोगों की मौत हो गई है। 

जैसलमेर के सूर्यगढ़ होटल में चल रही है कांग्रेस विधायक दल की बैठक
राजस्थानः कांग्रेस विधायक दल की बैठक जैसलमेर के सूर्यगढ़ होटल में चल रही है।
 

विज्ञापन
09:17 PM, 11-Aug-2020

कांग्रेस सांसद प्रताप सिंह बाजवा ने चंडीगढ़ के डीजीपी को लिखा पत्र
कांग्रेस सांसद प्रताप सिंह बाजवा ने चंडीगढ़ के डीजीपी को पत्र लिखकर कहा है कि अगर उन्हें कुछ होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह और डीजीपी पंजाब की होगी।

मुंबई में आज कोरोना के 917 नए मामले, 48 की मौत
मुंबई में आज कोरोना के 917 नए मामले सामने आए और 48 लोगों की मौत हो गई। अब तक शहर में कुल मामलों की संख्या 1,25,239 हो गई है, जिनमें 99,147 ठीक हो चुके हैं, 18905 मामले सक्रिय हैं और 6,890 लोगों की मौत हो चुकी है। 

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर में 16 अगस्त से धार्मिक स्थल/पूजा स्थल खोले जाएंगे
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर में 16 अगस्त से धार्मिक स्थल/ पूजा स्थल खोले जाएंगे। सभी आगंतुकों के लिए आरोग्य सेतु ऐप का उपयोग अनिवार्य होगा। मूर्तियों या पवित्र पुस्तकों को छूने की अनुमति नहीं होगी : जम्मू और कश्मीर सरकार

08:48 PM, 11-Aug-2020

कोरोना से संक्रमित व्यक्ति ने की आत्महत्या 
हैदराबाद में एक निजी अस्पताल में कोरोना का इलाज करा रहे 60 वर्षीय व्यक्ति ने कथित रूप से इस बीमारी को लेकर डर के चलते मंगलवार को आत्महत्या कर ली।पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि करीमनगर जिले के निवासी व्यक्ति ने अस्पताल में अपने कमरे से लगे शौचालय में रात एक से दो बजे के बीच फंसा लगाकर जान दे दी।

08:46 PM, 11-Aug-2020

बड़े आकार के विमानों के इस्तेमाल पर रोक
डीजीसीए ने इस मानूसन के दौरान कोझिकोड हवाईअड्डे पर बड़े आकार के विमानों के इस्तेमाल पर रोक लगाई। एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान हादसे के बाद यह कदम उठाया गया है। इस बात की जानकारी मंगलवार को अधिकारी ने दी। बता दें कि सात अगस्त को हुए कोढिकोड विमान हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे।
 

08:39 PM, 11-Aug-2020

महाराष्ट्र में आज कोरोना के 11088 नए मामले, 256 लोगों की मौत
महाराष्ट्र में आज कोरोना के 11088 नए मामले सामने आए और 256 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ राज्य में कुल मामलों की संख्या 5,35,601 हो गई है। इनमें 1,48,553 मामले सक्रिय हैं और 18306 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। राज्य में रिकवरी रेट 68.79 फीसदी है।

08:25 PM, 11-Aug-2020

भूटान में भी आज से लॉकडाउन लागू
भारत के पड़ोसी मित्र देश भूटान में भी आखिरकार मंगलवार से लॉकडाउन लागू कर दिया गया। गौरतलब है कि कोरोना की इस वैश्विक महामारी में पिछले चार महीने से अधिकांश देशों में लॉकडाउन चल रहा था। लेकिन भारत के पड़ोसी देश भूटान में इस कोरोना काल में अभी तक लॉक डाउन नहीं हुआ था। अब मंगलवार तड़के भूटान के प्रधानमंत्री कार्यालय से एक पत्र जारी कर पूरे भूटान में लॉकडाउन की घोषणा कर दी गई।

08:24 PM, 11-Aug-2020

पंजाब में आज कोरोना के 1002 नए मामले, 32 की मौत 
पंजाब में आज कोरोना के 1002 नए मामले सामने आए और 32 लोगों की मौत हो गई। राज्य में कुल मामलों की संख्या 25,889 हो गई है और मौत का आंकड़ा बढ़कर 636 हो गया है। 

08:10 PM, 11-Aug-2020

पीएम मोदी ने सभी देशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी देशवासियों को जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'सभी देशवासियों को जन्माष्टमी के पावन पर्व की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। जय श्रीकृष्ण!'
 

08:10 PM, 11-Aug-2020

मणिपुर में आज कोरोना 88 नए मामले 
मणिपुर में आज कोरोना 88 नए मामले दर्ज किए गए, जिनमें सीएपीएफ के 13 कर्मी भी शामिल हैं। राज्य में कुल मामलों की संख्या 3,941 हो गई है, जिसमें 889 केंद्रीय सुरक्षा कर्मी शामिल हैं। रिकवरी रेट 54.68 फीसदी है : राज्य स्वास्थ्य विभाग

मध्य प्रदेश में कोरोना के 843 नए मामले, 18 की मौत
मध्य प्रदेश में कोरोना के 843 नए मामले सामने आए और 18 लोगों की मौत हुई है। राज्य में कुल मामले 40,734 हो गए हैं और अब तक 1033 लोगों की मौत हो चुकी है। 
 

07:41 PM, 11-Aug-2020

कर्नाटक में आज कोरोना के कारण 86 लोगों की मौत
कर्नाटक में 10 अगस्त को 6257 मामले दर्ज किए गए थे। वहीं, आज 6473 लोग ठीक हुए और 86 लोगों की जान चली गई। इसके बाद यहां कुल मामलों की संख्या 1,88,611 है, जिनमें 1,05,599 लोग ठीक हो चुके हैं, 79606 मामले सक्रिय हैं और 3398 लोगों की मौत हो चुकी है।   

07:34 PM, 11-Aug-2020

रूस के टीके को लेकर एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया ने कहा, रूस ने जो टीका बनाया है अगर वह सफल होता है, तो हमें गंभीर रूप से देखना होगा कि यह सुरक्षित और प्रभावी है कि नहीं। भारत के पास बड़ी संख्या में वैक्सीन उत्पादन की क्षमता है।
 

07:30 PM, 11-Aug-2020

संजय राउत के बयान पर बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे का जवाब
शिवसेना सांसद संजय राउत के बयान पर बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने कहा, 'मैंने सुना है कि उन्होंने बिहार सीएम के खिलाफ असंसदीय भाषा का प्रयोग किया है। उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत के पिता और मेरे बारे में निराधार बातें कही हैं, जो कि सच नहीं है। उन्हें तथ्य पता नहीं हैं। वह एक जिम्मेदार शख्स हैं, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए।'
 

07:06 PM, 11-Aug-2020

केरल में आज कोरोना के 1417 नए मामले
केरल में आज कोरोना के 1417 नए मामले सामने आए और पांच लोगों की मौत हो गई। राज्य में मौत का आंकड़ा बढ़कर 120 हो गया है। 

07:04 PM, 11-Aug-2020

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की हालत अभी भी गंभीर
दिल्लीः पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उनमें कुछ सुधार नहीं दिख रहा है। बता दें कि 10 अगस्त को सेना के अस्पताल में उनकी ब्रेन सर्जरी हुई थी, जिसके बाद से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।
 

07:01 PM, 11-Aug-2020

छह शहरों से कोलकाता के लिए विमानों पर रोक 31 अगस्त बढ़ाई गई
कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर देश के छह मेट्रो से कोलकाता के लिये यात्री विमानों की उड़ान पर रोक 31 अगस्त तक के लिये बढ़ा दी गई है । एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। इससे पहले राज्य में कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि के बीच दिल्ली, मुंबई, पुणे, चेन्नई, नागपुर और अहमदाबाद से कोलकाता हवाई अड्डे के लिए उड़ानों के आगमन पर अस्थायी रोक 15 अगस्त तक बढ़ायी गई थी।

06:55 PM, 11-Aug-2020

कोरोना को दोबारा बढ़ने से रोकने के प्रयास जारी : ठाकरे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आहूत एक बैठक में कहा कि राज्य सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि प्रदेश में कोविड-19 का दोबारा प्रकोप न फैल जाए।आधिकारिक बयान के अनुसार, ठाकरे ने यह भी कहा कि महामारी उन्मूलन के लिए राज्य के प्रत्येक जिले में अस्पताल बनाए जाएंगे।

06:32 PM, 11-Aug-2020

तमिलनाडु में आज कोरोना के 5834 नए मामले, 118 लोगों की मौत
तमिलनाडु में आज कोरोना संक्रमण के 5834 नए मामले सामने आए और 118 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद राज्य में कुल मामलों की संख्या 3,08,649 हो गई है। इनमें 2,50,680 लोग ठीक हो चुके हैं, 52810 मामले सक्रिय हैं और 5,159 लोगों की मौत हो चुकी है। 

06:24 PM, 11-Aug-2020

राजधानी दिल्ली में आज कोरोना के 1257 नए मामले, आठ की मौत
राजधानी दिल्ली में आज कोरोना संक्रमण के 1257 नए मामले दर्ज किए गए और आठ लोगों की मौत हो गई। दिल्ली में कुल मामलों की संख्या 1,47,391 हो गई है। इनमें 1,32,384  लोग ठीक हो चुके हैं और अब तक 4139 लोगों की मौत हो चुकी है। आज 5356 RTPCR / CBNAAT / TrueNat टेस्ट और 14,084 रैपिड एंटीजन टेस्ट आयोजित किए गए। अब तक कुल 12,23,845 टेस्ट किए गए हैं।
 

06:23 PM, 11-Aug-2020

बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या 32 हजार के पार
बिहार में 10 अगस्त को कोरोना के 4,071 मामले दर्ज किए गए। राज्य में कुल सक्रिय मामले 32,222 हैं।

ममता ने कोरोना बैठक के दौरान पश्चिम बंगाल के बकाये का मुद्दा उठाया
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को महामारी को लेकर आयोजित एक वीडियो कान्फ्रेंस के दौरान केंद्र से राज्य के वित्तीय बकाये का मुद्दा उठाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि केंद्र इसको लेकर दिशानिर्देश जारी करे कि कौन सा टीका खरीदना है और कोविड-19 महामारी के खिलाफ इस्तेमाल करना है।

06:21 PM, 11-Aug-2020

जम्मू और कश्मीर में कोरोना के 564 नए मामले, 12 की मौत 
जम्मू और कश्मीर में आज कोरोना के 564 नए मामले सामने आए, 604 लोग ठीक हुए और 12 लोगों की मौत हो गई। केंद्रशासित प्रदेश में कुल मामलों की संख्या अब 25,931 हो गई है। इनमें 17,979 लोग ठीक हो चुके हैं, 7462 मामले सक्रिय हैं और 490 लोगों की मौत हो चुकी है। 

05:24 PM, 11-Aug-2020

नहीं रहे मशहूर शायर राहत इंदौरी, दिल का दौरा पड़ने से निधन
कोरोना से संक्रमित मशहूर शायर राहत इंदौरी का दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया है। 70 साल की उम्र में उन्होंने इंदौर के अरविंदो अस्पताल में अंतिम सांस ली।

 

05:16 PM, 11-Aug-2020

कोरोना पर स्वासंथ्य मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस
  • केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 राज्यों के सीएम के साथ एक रिव्यू मीटिंग की। 
  • इन 10 राज्यों में देशभर के 80 फीसदी कोरोना के सक्रिय मामले हैं। 
  • 10 राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने कोरोना को लेकर अपने अनुभनव पीएम के साथ साझा किए, इसके बाद पीएम ने जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
  • पीएम ने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में कंटेनमेंट, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और सर्विलांस सबसे प्रभावी हथियार हैं
  • पीएम मोदी ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों से कहा कि कोरोना से मृत्यदुर को 1 फीसदी से नीचे लाने का प्रयास होना चाहिए। 
  • देश में पहली बारो कोरोना से मृत्युदर 1.99 फीसदी है।
  • भारत में अब तक कोरोना के 2.5 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं। 
  • पिछले 24 घंटोमें 7,17,364 टेस्ट किए गए हैं। 15 लाख से ज्यादा मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। 
  • देशभर में मृत्युदर 2 फीसदी से कम है।
  • पिछले 1 हफ्ते में औसत रिकवरी की दर 50000 से ज्यादा हो चुकी है।

04:56 PM, 11-Aug-2020

पश्चिम बंगालः दुर्गापुर शहर में 13 वर्षीय बच्चे की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद लोगों ने ट्रक में आग लगाई। सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
 

04:28 PM, 11-Aug-2020

भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 52 हुई
केरल: इडुक्की में भूस्खलन स्थल पर एनडीआरएफ द्वारा लगातार बचाव अभियान जारी है। भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है।
 

04:22 PM, 11-Aug-2020

आसाराम बापू को मिली जेल से बाहर के भोजन की अनुमति
राजस्थान उच्च न्यायालय ने आसाराम बापू को आयुर्वेदिक डॉक्टरों के सलाह पर जेल से बाहर के भोजन की अनुमति दी हैः प्रदीप चौधरी, आसाराम के वकील
 

04:17 PM, 11-Aug-2020

पुडुचेरी में आज कोरोना के 276 नए मामले, दो की मौत
पुडुचेरी में आज कोरोना संक्रमण के 276 नए मामले सामने आए और दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, 172 ठीक भी हुए। यहां कुल मामलों की संख्या 5900 हो गई है। इनमें 2277 मामले सक्रिय हैं, 3532 लोग ठीक हो चुके हैं और 91 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।

04:15 PM, 11-Aug-2020

दिल्ली इस्कॉन मंदिर में दर्शन ऑनलाइन उपलब्ध होगा
इस्कॉन मंदिर के उपाध्यक्ष वृजेंद्र नंदन दास ने कहा, निजी सुरक्षा गार्ड्स को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। हम प्रसाद पैकेट में देंगे, कोरोना की वजह से इस साल साज-सज्जा प्रभावित हुई है। दर्शन ऑनलाइन उपलब्ध होगा। हम लोगों से घर पर जन्माष्टमी मनाने की अपील करते हैं। वहीं, नोएडा के सेक्टर 33 स्थित इस्कॉन मंदिर में इस साल कोरोना की वजह से भक्तों को प्रवेश नहीं मिलेगा।

04:05 PM, 11-Aug-2020

दुनियाभर में कोरोना वायरस के मामले दो करोड़ हुए
दुनियाभर में कोरोना वायरस के पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर दो करोड़ हो गई है। संक्रमण के कुल मामलों से आधे से ज्यादा सिर्फ अमेरिका, भारत और ब्राजील से हैं।

03:56 PM, 11-Aug-2020

दिल्ली: कोरोना महामारी के बीच श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर इस्कॉन मंदिर में तैयारी चल रही है। मंदिर के उपाध्यक्ष व्रजेंद्र नंदन दास का कहना है, सोशल डिस्टेंसिंग के लिए मार्क कर दिया गया है। साथ ही सैनिटाइजेशन टनल भी लगाया गया है। सभी के लिए मास्क अनिवार्य है। बहुत कम लोगों को आमंत्रित किया गया है।
 

03:41 PM, 11-Aug-2020

महाराष्ट्र सरकार ने राजकीय सम्मान के साथ पायलट दीपक साठे का अंतिम संस्कार किया

पिछले हफ्ते केरल में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया एक्सप्रेस विमान के पायलट-इन-कमांड, विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) दीपक साठे का मंगलवार को मुंबई में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

03:39 PM, 11-Aug-2020

मायावती ने राजस्थान कांग्रेस पर कसा तंज

बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि "ऐसा लगता है कि अब राजस्थान में कांग्रेस सरकार सुरक्षित है, लेकिन इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता कि पायलट और गहलोत जी के बीच ड्रामा फिर से कब शुरू होगा। दोनों के बीच लंबे समय से चले आ रहे आंतरिक संघर्ष की वजह से राज्य में लोक कल्याण के कार्य प्रभावित हुए हैं।"

03:21 PM, 11-Aug-2020

यूपी में जय प्रकाश निषाद भाजपा के उम्मीदवार होंगे

उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में जय प्रकाश निषाद भाजपा के उम्मीदवार होंगे।
 

02:23 PM, 11-Aug-2020

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की हालत गंभीर

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को गंभीर हालत में 10 अगस्त को दिल्ली के आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके मस्तिष्क में थक्का बन जाने के कारण आपातकालीन जीवन रक्षक सर्जरी की गई है। सर्जरी के बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वह कोरोना पॉजिटिव भी पाए गए हैं। आर्मी आरआर हॉस्पिटल की ओर से यह जानकारी दी गई है।
 

02:06 PM, 11-Aug-2020

13 से 15 अगस्त तक दिल्ली में आठ मुख्य सड़कों पर नहीं जाएगी सामान्य गाड़ी

13 से15 अगस्त को दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस द्वारा डायवर्जन और ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी देते हुए ज्वाइंट कमिश्नर ट्रैफिक, नरेंद्र सिंह बुंदेला ने कहा कि "लाल किले के आस-पास जिसकी भी गाड़ी पर पार्किंग लेबल नहीं है नहीं जा सकती है। कुल आठ मेन रोड हैं जहां गाड़ी नहीं जा पाएगी। समय सुबह 4 से 10 बजे तक है।"

01:11 PM, 11-Aug-2020

बेटी समान संपत्ति के अधिकार की हकदार- सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने आज अपने एक आदेश में कहा कि एक बेटी संशोधित हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम के तहत समान संपत्ति के अधिकार की हकदार है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बेटियों को पैतृक संपत्ति पर भी अधिकार होगा, भले ही हिंदू उत्तराधिकार (संशोधन) अधिनियम, 2005 के लागू होने से पहले ही समान उत्तराधिकारी की मृत्यु हो गई हो।
 

12:29 PM, 11-Aug-2020

दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती एक तिहाई बाहर के लोग हैं- सत्येंद्र जैन

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि "देश का डबलिंग रेट 20 दिनों के करीब है और दिल्ली में डबलिंग रेट 50 दिन से ऊपर है। दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती लोगों में एक तिहाई से ज्यादा लोग दिल्ली के बाहर के हैं।"

12:20 PM, 11-Aug-2020

सचिन पायलट ने गहलोत को 'निकम्मा' कहने के आरोपों को किया खारिज

अशोग गहलोत को 'निकम्मा' कहने के मामले पर सचिन पायलट ने कहा कि "मैंने अपने परिवार से कुछ संस्कार हासिल किए हैं, चाहे मैं किसी का कितना भी विरोध करूं, मैंने कभी भी इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया है। अशोक गहलोत जी मुझसे से बड़े हैं और मैं उनका व्यक्तिगत रूप से सम्मान करता हूं, लेकिन मुझे काम से जुड़ी चिंताओं को उठाने का अधिकार है।"
 

12:17 PM, 11-Aug-2020

पीएम मोदी ने कोरोना की स्थिति पर मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, पंजाब, बिहार, गुजरात, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के साथ कोरोना वायरस पर चर्चा की।
 

11:55 AM, 11-Aug-2020

ओडिशा में 1341 नए मामले सामने आए

ओडिशा में 1,341 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं और 1,236 लोग ठीक हुए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 48,796 हो गई है। जिसमें से 15,427 सक्रिय मामले हैं और 33,020 लोग ठीक हो चुके हैं।

11:21 AM, 11-Aug-2020

राजस्थान: तीन निर्दलीय विधायक अशोक गहलोत से मिले

राजस्थान में आज तीन निर्दलीय विधायकों ओम प्रकाश हुडला, सुरेश टांक और खुशवीर सिंह ने जयपुर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से उनके निवास पर मुलाकात की।

11:17 AM, 11-Aug-2020

तेलंगाना में 1896 नए मामले सामने आए

तेलंगाना में 10 अगस्त को 1,896 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए, 1,788 ठीक हुए और आठ लोगों की मौत हुई। इसके बाद राज्य में कुल मामलों की संख्या 82,647 हो गई है। जिसमें 22,628 सक्रिय मामले, 59,374 ठीक हुए मामले और 645 मौतें शामिल हैं। लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण निदेशक, तेलंगाना ने यह जानकारी दी है।

11:06 AM, 11-Aug-2020

राजस्थान में 620 नए मामले सामने आए

राजस्थान में आज सुबह 10.30 बजे तक कोरोना वायरस के 620 नए मामले सामने आए और 10 मौतें हुईं। राज्य में अब कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 54,290 है और कोरोना वायरस से होने वाली मौतों का आंकड़ा 810 है। राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह जानकारी दी गई है।

11:03 AM, 11-Aug-2020

कोरोना: पीएम मोदी आज कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों से करेंगे चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, पंजाब, बिहार, गुजरात, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कोरोना वायरस की स्थिति पर चर्चा करेंगे।

10:59 AM, 11-Aug-2020

पिछले 24 घंटे में करीब सात लाख नमूनों का परीक्षण किया गया

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में 10 अगस्त तक परीक्षण किए गए कोरोना नमूनों की कुल संख्या 2,52,81,848 है। जिसमें 6,98,290 नमूने शामिल हैं जिनका परीक्षण सोमवार को किया गया।

10:56 AM, 11-Aug-2020

नगालैंड में 230 नए मामले, कुल मामले 3000 के पार

नगालैंड में कोविड-19 के 230 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर 3,000 के पार पहुंच गए हैं।स्वास्थ्य मंत्री एस पंगनु फू ने बताया कि राज्य में अब कोविड-19 के कुल 3,011 मामले हैं। एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम के लिए राज्य के नोडल अधिकारी डॉ. नयन किकोन ने कहा कि नए मामलों में सशस्त्र बल के 146 कर्मी, अन्य स्थानों से लौटे 22 लोग और दो अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मी हैं।

09:40 AM, 11-Aug-2020

देशभर में संक्रमितों का आंकड़ा 22 लाख 68 हजार के पार

देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 22,68,676 हो गई है। जिनमें से 6,39,929 सक्रिय मामले हैं, 15,83,490 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 45,257 लोगों की मौत हो चुकी है। 

09:39 AM, 11-Aug-2020

पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 53601 नए मामले सामने आए

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 53,601 नए मामले सामने आए हैं और 871 लोगों की मौत हुई है।

08:44 AM, 11-Aug-2020

पुदुचेरी में दो मंत्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए

पुदुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने बताया कि "मंत्रिमंडल में मेरे दो मंत्रियों, कंदासामी और कमलाकन्नन की कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। साथ ही मैं लोगों से अपनी जांच करवाने की अपील करता हूं।"

 

08:02 AM, 11-Aug-2020

मध्यप्रदेश में 866 नए मामले सामने आए

मध्यप्रदेश में कोरोना पॉजिटिव के 866 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 39,891 हो गई है। जिसमें से 9,202 सक्रिय मामले हैं।

07:45 AM, 11-Aug-2020

राहत इंदौरी कोरोना पॉजिटिव पाए गए

राहत इंदौरी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर खुद इसकी जानकारी दी है। इंदौरी ने ट्वीट किया "कोविड के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर कल मेरा कोरोना टेस्ट किया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है।ऑरबिंदो हॉस्पिटल में एडमिट हूं, दुआ कीजिये जल्द से जल्द इस बीमारी को हरा दूं। एक और इल्तेजा है, मुझे या घर के लोगों को फोन ना करें, मेरी खैरियत ट्विटर और फेसबुक पर आपको मिलती रहेगी।"
 

07:16 AM, 11-Aug-2020

मिजोरम में 623 हुई संक्रमितों की संख्या

मिजोरम में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 623 हो गई है। जबकि 300 सक्रिय मामले हैं। -सूचना और जनसंपर्क निदेशालय, मिजोरम

06:16 AM, 11-Aug-2020

जम्मू-कश्मीर: पुलिस और वन विभाग के 18 जवान घायल

बटोत, रामबन में अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान पुलिस और वन विभाग के 18 जवान घायल हो गए। डीएफओ कुलदीप सिंह ने बताया कि अतिक्रमण करने वालों के साथ कुछ असामाजिक तत्वों ने हमारी टीम पर हमला किया और पथराव किया। इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।

04:19 AM, 11-Aug-2020

अमेरिका: करीब साढ़े छह करोड़ लोगों का कोरोना टेस्ट किया

अमेरिका में अब तक करीब साढ़े छह करोड़ लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है और अन्य किसी भी देश ने इतनी बढ़ी संख्या में परीक्षण नहीं किए हैं। करीब डेढ़ अरब की आबादी वाला भारत भी एक करोड़ के लगभग परीक्षण करने के बाद दूसरे नंबर पर रह सकता है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस साल के अंत तक हमारे पास इस महामारी का टीका उपलब्ध होगा। -डोनाल्ड ट्रंप, राष्ट्रपति, अमेरिका

03:59 AM, 11-Aug-2020

व्हाइट हाउस के बाहर गोलीबारी

व्हाइट हाउस के बाहर गोलीबारी हो रही थी। लगता है कि सबकुछ अच्छी तरह से नियंत्रण में कर लिया गया है। मैं गुप्त सेवा के कर्मचारियों को हमेशा उनकी त्वरित और बहुत प्रभावी कार्रवाई के लिए धन्यवाद देना चाहूंगा। किसी को अस्पताल ले जाया गया है। लगता है कि उस शख्स को सीक्रेट सर्विस द्वारा गोली मार दी गई थी। -डोनाल्ड ट्रंप, राष्ट्रपति, अमेरिका

02:58 AM, 11-Aug-2020

तेलंगाना: सात चोर गिरफ्तार, 1.28 करोड़ रुपये बरामद

हैदराबाद पुलिस ने दो अलग-अलग गैंग के सात चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 1.28 करोड़ रुपये नकद और 14 लाख रुपये कीमत के स्मार्टफोन बरामद किए हैं। इसके अलावा तीन और अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनसे 12 बाइक बरामद हुई हैं। -अंजनी कुमार, पुलिस आयुक्त, हैदराबाद

02:47 AM, 11-Aug-2020

भोपाल: कोर्ट ने विदेशी नागरिकों पर लगाया जुर्माना

मार्च में कोविड-19 को लेकर लागू किए गए प्रतिबंधों के उल्लंघन के मामले में में दिल्ली और भोपाल में धार्मिक आयोजनों में भाग लेने वाले किर्गिस्तान के 12 नागरिकों पर भोपाल की एक अदालत ने 6,000 रुपये का जुर्माना लगाया था। एक अन्य अदालत ने 12 इंडोनेशियाई नागरिकों पर समान रूप से 7,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। -जिला अभियोजन अधिकारी, भोपाल

02:44 AM, 11-Aug-2020

कुछ देश पहले अपना बाजार खोलें तब भारतीय बाजार से उम्मीद करें: गोयल

हम निवेश को आमंत्रित और प्रोत्साहित करते हैं। हम वस्तुओं के मुक्त प्रवाह की अनुमति देना चाहते हैं, लेकिन इसे पारस्परिक होना चाहिए। यह एकतरफा नहीं हो सकता है और भारत सरकार ऐसा करने का प्रयास कर रही है। 

कुछ ऐसे देश हैं जो भारतीय इस्पात उद्योग को अपने बाजारों में प्रवेश करने की अनुमति नहीं देते हैं। ऐसे में उन्हें भारत को आयात के लिए एक खुला बाजार बनाए रखने पर जोर देने का क्या अधिकार है और ऐसा क्यों होना चाहिए?


इससे पहले कि वे भारतीय बाजार को असीमित रूप से खुला रखने की उम्मीद करें, भारतीय उत्पाद उनके देशों में उचित पहुंच पाने की योग्यता रखते हैं। -पीयूष गोयल, केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री, वर्चुअल एफएमसीजी आपूर्ति श्रृंखला एक्सपो 2020

02:30 AM, 11-Aug-2020

ओडिशा में कॉमन पीजी एंट्रांस टेस्ट -2020 का आयोजन

ओडिशा में कॉमन पीजी एंट्रांस टेस्ट -2020 का आयोजन 30 सितंबर से सात अक्तूबर के बीच होगा। उच्च शिक्षा विभाग ने दी यह जानकारी।

02:16 AM, 11-Aug-2020

पीएम मोदी को धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार

पीएम मोदी को धमकी देने वाला शख्स हरभजन को नोएडा के फेज -3 थाना इलाके से गिरफ्तार किया गया है। इस शख्स पर आरोप है कि डायल 100 पर फोन कर पीएम नरेंद्र मोदी को धमकी दे रहा था। प्रथम दृष्टया वह ड्रग एडिक्ट लगता हैः-एडिशनल डीसीपी (सेंट्रल नोएडा) अंकुर अग्रवाल

02:06 AM, 11-Aug-2020

जकारी क्लार्क मैनहट्टन संघीय अदालत में दोषी करार

जकारी क्लार्क उर्फ उमर कबीर को मैनहट्टन संघीय अदालत ने इस्लामिक स्टेट ऑफ़ इराक एंड अल-शाम (आईएसआईएस) को सामग्री सहायता प्रदान करने के मामले में दोषी करार दिया हैः अमेरिकी न्याय विभाग

01:54 AM, 11-Aug-2020

हरियाणा सरकार ने सभी कर्मचारियों के लिए व्यापक प्रशिक्षण योजना

हरियाणा सरकार ने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए एक व्यापक प्रशिक्षण योजना बनाई है ताकि उनकी दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अगले 2 वर्षों में नवीनतम तकनीकों से परिचित कराया जा सके: राज्य सूचना और जनसंपर्क विभाग

01:51 AM, 11-Aug-2020

पुडुचेरी में गणेश चतुर्थी के अवसर पर सार्वजनिक स्थानों पर मूर्तियों के रखने पर प्रतिबंध

पुडुचेरी जिला मजिस्ट्रेट ने आदेश दिया है कि गणेश चतुर्थी के अवसर पर सार्वजनिक स्थानों, सभाओं और सार्वजनिक जुलूसों में मूर्तियों के रखने पर प्रतिबंध रहेगा। यह कदम COVID-19 महामारी के मद्देनजर है।

01:42 AM, 11-Aug-2020

वंदे भारत मिशन के तहत लगभग 10 लाख लोग भारत आए

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि वंदे भारत मिशन के तहत लगभग 10 लाख लोगों को भारत लाया गया। वहीं 1 लाख 30 हजार दूसरे देश भी गए हैं।

01:13 AM, 11-Aug-2020

Coronavirus: महाराष्ट्र में आज कोरोना के 11088 नए मामले, 256 लोगों की मौत

असम में सोमवार को कोरोना के 2900 नए मामले सामने आने से राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 61,737 हो गई है। इनमें से 42,325 डिस्चार्ज, 19,258 सक्रिय मामले और 151 मौतें शामिल हैं।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें