केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार कांग्रेस पर हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सार्वजनिक आचरण के सभी मानकों का उल्लंघन किया। शाह ने कहा कि खरगे ने प्रधानमंत्री को कथित तौर पर 'आतंकवादी' कहकर देश को शर्मिंदा किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने क्या कहा?
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, 'कांग्रेस हर दिन अपने आचरण के नए निचले स्तर पर जा रही है। सार्वजनिक चर्चा के स्तर को गिराने में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ रही है।'
उन्होंने आगे कहा, 'आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सार्वजनिक आचरण के सभी मानकों का उल्लंघन किया और भारत के चुने हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहकर देश को शर्मिंदा किया। देश के सर्वोच्च नेता का यह अपमान, उन लाखों लोगों का अपमान है, जो मोदी से प्रेम करते हैं और उनका समर्थन करते हैं।'
ये भी पढ़ें:
खरगे के बयान पर गरमाई सियासत: चुनाव आयोग पहुंची भाजपा; कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
गृह मंत्री ने कहा, 'पिछले 12 वर्षों में आतंकवाद को पूरी तरह समाप्त करने वाले मोदी जैसे नेता को आतंकवादी कहना अत्यंत निंदनीय है। जब भी कांग्रेस मोदी पर अपशब्दों की बौछार करती है, तो भारत की जनता ही उन्हें जवाब देती है। इस बार भी जनता ही जवाब देगी।'
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने मंगलवार को पीएम मोदी पर सरकारी तंत्र और केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने पीएम पर इनका इस्तेमाल कर विपक्ष को दबाने और राजनीतिक दलों को 'आतंकित' करने का आरोप लगाया।
सत्तारूढ़ भाजपा ने की कड़ी आलोचना की
इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई। सत्तारूढ़ पार्टी ने प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहने के लिए विपक्षी नेता की आलोचना की।
ये भी पढ़ें:
खरगे ने पीएम मोदी को बताया 'आतंकवादी': पहली बार नहीं बिगड़े बोल, कभी जहरीला सांप तो कभी बताया झूठों का सरदार
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने क्या कहा था?
मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान खरगे ने एआईएडीएमके के भाजपा के साथ गठबंधन की आलोचना करते हुए शुरुआत में पीएम मोदी को आतंकवादी करार दिया।
खरगे ने सवाल उठाते हुए कहा कि पेरियार और सीएन अन्नादुरै की द्रविड़ विचारधारा पर बनी एआईएडीएमके मोदी के साथ गठबंधन को कैसे उचित ठहरा सकती है। उन्होंने कहा, ये एआईएडीएमके के लोग जिन्होंने खुद अन्नादुरै की तस्वीर लगाई है..वे मोदी के साथ कैसे जा सकते हैं? वह एक आतंकवादी हैं। वह बराबरी में भरोसा नहीं करते। उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करती और ये लोग उनके साथ जुड़ रहे हैं, जिसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।
बवाल मचने के बाद खरगे ने दी सफाई
हालांकि, जब पत्रकारों ने उनसे उनके बयान के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि उनका मतलब यह था कि प्रधानमंत्री लोकतांत्रिक ताने-बाने को आतंकित कर रहे हैं। वह जनता और राजनीतिक दलों को आतंकित कर रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं। वह अपनी ताकत और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करते हैं और विपक्ष दलों के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हैं।