महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम में तलवार लहराने के लिए पार्टी के दो मंत्रियों के खिलाफ मामला दर्ज करने पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को अपनी नाराजगी से अवगत कराया है। बांद्रा में एक समारोह में तलवारें लहराने को लेकर पिछले महीने कांग्रेस के मंत्रियों असलम शेख, वर्षा गायकवाड़ और पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रमुख इमरान प्रतापगढ़ी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पटोले ने कहा कि देश भर में इस तरह के आयोजनों में अक्सर तलवारों का प्रदर्शन होता है। कांग्रेस चाहती है कि पुलिस की मनमानी को नियंत्रित किया जाए। पटोले ने कहा कि ऐसे मामलों में अगर पुलिस अधिकारी गलत कार्रवाई कर रहे हैं तो गृह मंत्री (एनसीपी के दिलीप वालसे पाटिल) को उनके खिलाफ सख्त कदम उठाने की जरूरत है। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
पटोले ने संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर बैठक की है। हमने (मंत्रियों के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने पर) नाराजगी जताई है। इससे पहले, ऐसी अटकलें थीं कि ठाकरे पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आरोप पर विधानसभा में वलसे पाटिल के जवाब से खुश नहीं थे कि एमवीए सरकार झूठे मामलों में भाजपा नेताओं को फंसाने की साजिश कर रही है। हालांकि, सीएम ठाकरे ने 1 अप्रैल को एक बयान में इन खबरों का खंडन किया और कहा कि उन्हें अपने कैबिनेट सहयोगियों पर पूरा भरोसा है।