गतिमान एक्सप्रेस देश की सबसे ज्यादा तेज रफ्तार ट्रेन बेशक बन गई हो, लेकिन पर्यटकों और रेल यात्रियों की पहली पसंद अभी भी शताब्दी एक्सप्रेस ही बनी हुई है। दिल्ली से आगरा महज 100 मिनट में लाने वाली गतिमान में शुरूआत में तो पर्यटकों में क्रेज रहा, लेकिन अब धीमे-धीमे गतिमान एक्सप्रेस में बुकिंग कम हो रही हैं। इसके उलट भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस से आगरा आने-जाने वालों की संख्या में और इजाफा हो रहा है। शताब्दी में अगले चार दिनों तक वेटिंग लिस्ट 126 से ऊपर है, जबकि गतिमान की आधी से ज्यादा सीटें खाली पड़ी हुई हैं।
12002 भोपाल शताब्दी नई दिल्ली से आगरा तक 117 मिनट में पहुंचती है। सुबह नई दिल्ली से 6 बजे चलकर शताब्दी सुबह 7:57 पर आगरा आती है, जबकि गतिमान एक्सप्रेस हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से सुबह 8:10 बजे चलकर आगरा छावनी तक सुबह 9:50 बजे तक आ रही है। इस तरह गतिमान 100 मिनट का समय ले रही है। देश की सबसे तेज रफ्तार ट्रेन का खिताब मिलने के बाद भी गतिमान आगरा आने वाले पर्यटकों को लुभा नहीं पा रही।
आगरा के टूर आपरेटर गतिमान के मुकाबले शताब्दी एक्सप्रेस को ही प्राथमिकता दे रहे हैं। दरअसल, शताब्दी एक्सप्रेस से आगरा आने और वापस दिल्ली जाने वाले पर्यटकों को आगरा में पूरे 13 घंटे गुजारने का मौका मिलता है, वहीं गतिमान से महज 8 घंटे ही पर्यटक आगरा में रह पाते हैं। शताब्दी के पर्यटक सुबह ताजमहल देखने के बाद किला और फिर लंच के बाद शहर में अन्य स्मारक और खरीदारी भी कर पा रहे हैं, जबकि गतिमान से आने वाले पर्यटक केवल ताज और किला के साथ लंच ही कर वापस दिल्ली लौट रहे हैं।