लॉकडाउन-4 के बाद करीब 230 ट्रेनों को चलाने के लिए रेलवे ने कमर कस ली है। इन ट्रेनों के अलावा पहले से चल रही 30 ट्रेनें भी चलेंगी। खास बात यह है कि इन ट्रेनों के लिए रविवार सुबह आठ बजे से चार महीने पहले एडवांस टिकट की बुकिंग कर सकेंगे। इसके साथ ही तत्काल कोटा के तहत भी टिकट की बुकिंग शुरू कर दी जाएगी। भारतीय रेलवे ने टिकट के एडवांस बुकिंग के नियमों में बदलाव किया है।
कोरोना वायरस के फैलते संक्रमण को ध्यान में रख कुछ नये नियम के साथ ट्रेन चलेगी। टिकट जांच करने वाले कर्मचारियों के लिए भी नियम बनाए गए है। उन्हें मास्क, दस्ताने व फेस शील्ड दिया जाएगा। यात्री अपने टिकटों के सत्यापन के बाद ही ट्रेन में चढ़ सकेंगे। वेटिंग वालों को यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी। टिकट कंफर्म होने पर ही रेलवे स्टेशन में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए अब रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने का सिलसिला शुरू कर दिया है। यह सुविधा एक जून से चलने वाली दो सौ ट्रेन व पंद्रह स्पेशल ट्रेन से अलग होगी। अगर आप दिल्ली से लखनऊ जाना चाहते है तो रेलवे एक जून को एकतरफा स्पेशल ट्रेन चलाने जा रही है। यह ट्रेन नई दिल्ली से लखनऊ के लिए चलेगी।
रेलवे ने नई दिल्ली-जम्मूतवी-नई दिल्ली के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को पठानकोट कैंट में ठहराव देने का निर्णय लिया है। 1 जून से 30 जून के बीच ट्रेन संख्या (02425/02426) को पठानकोट कैंट में भी रुकेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन संख्या 02425 नई दिल्ली-जम्मू तवी स्पेशल ट्रेन पठानकोट छावनी स्टेशन पर तड़के 3.38 बजे पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन रात के 9:32 बजे ठहरेगी।