उड़ता पंजाब फिल्म की रिलीजिंग पर छाए संकट के बादल अब छंटते नजर आ रहे हैं। मामले में सुनवाई करते हुए सोमवार को बॉम्बे हाईकोर्ट ने सेंसर बोर्ड को निर्देश दिए कि हैं कि वो दो दिन के अंदर फिल्म को केवल एक कट के बाद नए सर्टिफिकेट के साथ रिलीज करने की अनुमति दे। वहीं कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की सेंसर बोर्ड की मांग खारिज कर दी।
मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट से बाहर निकले फिल्म प्रोड्यूशर के वकील ने कहा कि फिल्म निर्धारित तिथि पर 17 जून को ही रिलीज होगी। फिलहाल कोर्ट ने फिल्म पर रोक लगाने की सेंसर बोर्ड की मांग खारिज कर दी है। कोर्ट ने सेंसर बोर्ड द्वारा लगाए गए लगभग सभी कट्स को नामंजूर कर दिया और मात्र एक कट के साथ फिल्म को रिलीज करने की अनुमति दे दी। उन्होंने बताया कि कोर्ट ने सेंसर बोर्ड को दो दिन के अंदर नया सर्टिफिकेट जारी करने का निर्देश दिया है।
बता दें कि इससे पहले विवादास्पद फिल्म उड़ता पंजाब को रिलीज को कुछ शर्तों के साथ मंजूरी दे दी थी। बोर्ड की ओर से 13 कट और ए प्रमाणपत्र के साथ फिल्म को मंजूरी दी गई थी। सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष पहलाज निहलानी का कहना था कि पंजाब में ड्रग्स के आधार पर बनी फिल्म को वयस्क दर्शकों तक सीमित रखा गया है। उन्होंने कहा कि 9 सदस्यों वाले केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड ने 13 कट के साथ सर्वसम्मति से इसको दिखाने की मंजूरी दे दी है।