फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

बेस्ट बसों की हड़ताल पर बंबई हाईकोर्ट का आदेश, एक घंटे के भीतर खत्म करें

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: Shilpa Thakur Updated Wed, 16 Jan 2019 12:44 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
bombay high court

बंबई हाईकोर्ट ने बुधवार को हड़ताल कर रहे बस कर्मचारियों को एक घंटे के भीतर हड़ताल खत्म करने का आदेश दिया है। बता दें मुंबई में वेतन बढ़ाने को लेकर बेस्ट बसों की हड़ताल चल रही है। बस कर्मचारी बीते 9 दिनों से हड़ताल पर हैं। 


  कोर्ट ने बेस्ट (बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट) यूनियन से कहा है कि हड़ताल बंद करने के एक घंटे के भीतर ये सूचित करें कि हड़ताल बंद हो गई है।


इस हड़ताल के कारण मुंबई में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कर्मचारी संघ ने गतिरोध खत्म करने के लिए प्रबंधन के वेतन वृद्धि प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया है। 


यह बेस्ट के इतिहास में अब तक की सबसे लंबी हड़ताल है। विभिन्न मांगों को लेकर आठ जनवरी से बेस्ट के 32 हजार से अधिक कर्मचारी हड़ताल पर हैं। उनकी मांगों में वेतन वृद्धि, कनिष्ठ स्तर के कर्मचारियों के लिए वेतन मान में सुधार और नुकसान में चल रही बेस्ट के बजट का बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के बजट के साथ विलय शामिल हैं।


बेस्ट ने अदालत को बताया था कि वह अपने कर्मचारियों को अंतरिम वेतन वृद्धि देने पर राज्य सरकार की उच्चाधिकार प्राप्त समिति द्वारा सुझाए गए कदमों को लागू करना चाहता है। 


मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली उच्चाधिकार प्राप्त समिति ने सिफारिश की कि हड़ताल बंद करने के लिए अंतरिम राहत के तौर पर समयबद्ध तरीके से करीब 15,000 कर्मचारियों के लिए वेतन में '10 चरण की वृद्धि' दी जाए। हालांकि बेस्ट कर्मचारी संघ के नेता शशांक राव ने मंगलवार को प्रस्ताव खारिज कर दिया।


संघ बेस्ट के बजट का बीएमसी में विलय करने की अपनी मांग को लेकर अड़ा हुआ है। बेस्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार कर रही है। एक अधिकारी ने कहा, "उच्चाधिकार प्राप्त समिति दोनों बजटों का विलय करने पर गंभीरता से विचार कर रही है। इस पर जल्द ही फैसला लिया जा सकता है।" 
विज्ञापन


इस बीच, हड़ताल के कारण यात्रियों की मुसीबतें बनी हुई है। हालांकि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) ने उनकी परेशानियों को कम करने के लिए अपनी बसें उतारी हैं। बेस्ट के एक ड्राइवर ने असुविधा के लिए यात्रियों से माफी मांगी लेकिन साथ ही उनसे बस कर्मचारियों के सामने पेश आ रही समस्याओं को समझने की अपील भी की।


ड्राइवर ने कहा, "हम पिछले कुछ वर्षों से आर्थिक रूप से परेशान चल रहे हैं। हमारे पास हड़ताल करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था लेकिन हमें उम्मीद है कि यह जल्द खत्म हो जाएगी।" कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकाली।


बेस्ट के बेड़े में 3,200 से अधिक बसें हैं जो महानगर और पड़ोसी ठाणे जिले तथा नवी मुंबई में चलती हैं। मुंबई में लोकल ट्रेनों के बाद यह यातायात का दूसरा सबसे बड़ा साधन है। बेस्ट की बसों में हर दिन 80 लाख से अधिक यात्री सवार होते हैं।

और पढ़ें...
विज्ञापन
विज्ञापन
Next