पश्चिम बंगाल के एक स्कूल की छत पर बम विस्फोट का मामला सामने आया है। गनीमत की बात रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पश्चिम बंगाल के एन 24 परगना में टीटागढ़ स्थित टीटीगढ़ फ्री इंडिया हाई स्कूल में शनिवार को बम विस्फोट की घटना सामने आई है। सेंट्रल जोन बैरकपुर के डीसी आशीष मौर्य ने इस घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्कूल की छत पर विस्फोट उस समय हुआ जब स्कूल चल रहा था। उन्होंने आगे बताया कि गनीमत की बात ये रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
विज्ञापन
डीसी आशीष मौर्य ने बताया कि मामले में जांच चल रही है। आस-पास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की जाएगी। उन्होंने आगे बताया कि अगर जरूरत पड़ी तो फॉरेंसिक टीमों को बुलाएंगे।
बैरकपुर के सीपी आलोक राजोरिया ने स्कूल में बम विस्फोट के मामले में जानकारी दी है। उन्होंने इस मामले में हुई कार्रवाई के बारे में बताते हुए कहा कि घटना के संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक आरोपी के घर से 10 देसी बम बरामद हुए हैं। घटना के कारणों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है उनमें से तीन एक ही स्कूल के छात्र हैं और चौथा पूर्व छात्र है। उन्होंने आगे बताया कि आरोपी और स्कूल के कुछ छात्रों के बीच निजी दुश्मनी के चलते इन लोगों ने स्कूल की छत पर बम फेंका था।