भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत जगमोहन डालमिया की पुत्री वैशाली डालमिया के समर्थन में क्रिकेट जगत की कई हस्ती चुनाव प्रचार करेंगी। इसमें फिल्मी सितारे भी शामिल होंगे। हाल ही में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुई वैशाली खुद पार्टी के स्टार उम्मीदवारों में शुमार है।
उन्हें हावड़ा जिले की बाली विधानसभा सीट पर उम्मीदवार बनाया गया है। वैशाली ने रविवार को रामकृष्ण मिशन के मुख्यालय बेलूरमठ से अपना चुनाव अभियान शुरू किया। डालमिया ने कहा कि पूर्व कप्तान और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) के अध्यक्ष सौरव गांगुली भी उनके अभियान में सड़क पर उतरेंगे।
जगमोहन डालमिया और सौरव गांगुली एक परिवार की तरह थे। इसलिए सौरव का अभियान में शामिल होना तो तय ही है। वैशाली ने कहा कि कई अन्य क्रिकेटर व मशहूर हस्तियां भी उनके चुनाव अभियान में शामिल होंगी, लेकिन इनके नामों की पुष्टि नहीं होने तक वह उनके नामों का खुलासा नहीं करना चाहतीं।
डालमिया ने कहा कि उनके चुनाव क्षेत्र बाली में मारवाड़ी और बंगाली तबके के लोगों की काफी तादाद है। वह अपने हर वोटर तक पहुंचने का प्रयास करेंगी। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के शुरू से ही डालमिया के साथ बेहतर रिश्ते रहे हैं। ममता की पहल पर ही जगमोहन डालमिया के पुत्र अभिषेक को सीएबी का संयुक्त सचिव बनाया गया था और वैशाली को पार्टी में शामिल कर उन्हें विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया गया है।