मुंबई के मड घाट के पास नाव पलटने से लापता हुए तीन लोगों में से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने गुरुवार को इस बात की जानकारी दी है।
मड के ढोंडीपाडा घाट से अंधेरी के वर्सोवा घाट तक सात व्यक्तियों को ले जा रही नाव बुधवार तड़के पलट गई। इस हादसे में चार व्यक्तियों को बचा लिया गया था और तीन लापता हो गए थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि लापता हुए दो लोगों के शव बुधवार देर रात वर्सोवा घाट के पास देवची वाडी में पाए गए और उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया।
उन्होंने कहा कि पीड़ितों की पहचान की जानी बाकी है। इससे पहले, पुलिस ने नाव संचालक के खिलाफ लॉकडाउन मानदंडों का उल्लंघन करने और नाव पर सवार लोगों के लिए कोई सावधानी नहीं बरतने और लाइफ जैकेट उपलब्ध नहीं कराने का मामला दर्ज किया।