तमिलनाडु में दीवाली के जश्न के बीच रविवार से सोमवार तड़के तक हत्या की 10 घटनाएं सामने आईं। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हुई इन वारदातों का आपस में कोई संबंध नहीं है। पुलिस के अनुसार, मरने वालों में थेनी जिले के स्पेशल सब-इंस्पेक्टर (SSI) सेंथिल कुमार भी शामिल हैं। तिरुचिरापल्ली जिले में दोहरे हत्याकांड में दो लोगों की जान गई, जबकि चेन्नई में भी एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए कई विशेष टीमें बनाई हैं।
पटाखे फोड़ने से रोकने पर SSI की हत्या
थेनी में SSI सेंथिल कुमार ने कुछ युवाओं को सड़क के बीचों-बीच पटाखे फोड़ने और रील बनाने से रोका था। इससे ट्रैफिक जाम हो रहा था। इस बात पर युवाओं के एक समूह ने उन पर हमला कर दिया। सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, कुड्डालोर में अरुलरासन के साथ हुई झड़प के दौरान पृथ्वीराज नाम के एक हिस्ट्रीशीटर की बीयर की बोतल से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने अरुलरासन को तलाश कर उसके पैर में गोली मारी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
चेन्नई में पुरानी रंजिश के चलते ऑटो चालक की हत्या
चेन्नई के व्यासरपाडी में हमलावरों के एक समूह ने धनुष नाम के युवक का पीछा किया और धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश इस हमले की मुख्य वजह थी। ऑटो-रिक्शा चालक धनुष अपने भाई पर हमला करने वालों से सवाल-जवाब करने गया था, तभी छह लोगों के एक समूह ने उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल धनुष की स्टेनली सरकारी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। एमकेबी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार छह संदिग्धों को पकड़ने के लिए दो विशेष टीमें बनाई हैं। ग्रेटर चेन्नई पुलिस ने दीवाली की सुरक्षा के लिए पूरे शहर में 18,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया था। पुलिस ने स्पष्ट किया कि व्यासरपाडी की हत्या स्थानीय विवाद और लक्षित हमले का मामला था, न कि भीड़ नियंत्रण में पुलिस की किसी चूक का नतीजा।
तिरुचिरापल्ली में दो नाबालिग मजदूरों की हत्या
तिरुचिरापल्ली जिले के समयपुरम में देर रात पुलमबाड़ी नहर के पास अज्ञात हमलावरों ने 17 साल के दो दिहाड़ी मजदूरों को रोका और धारदार हथियारों से उनकी हत्या कर दी। दोषियों की तलाश के लिए तीन विशेष टीमें बनाई गई हैं। जिले की एक अन्य घटना में चेन्नई में काम करने वाले 20 वर्षीय IT कर्मचारी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वह छुट्टियों में घर आया था और दोस्तों के साथ पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान स्थानीय निवासियों के साथ उसकी बहस हो गई। निवासियों को पटाखे फोड़ने की दिशा पर आपत्ति थी। विवाद के दौरान युवक की छाती पर किसी लोहे के औजार से वार किया गया। इसके अलावा, पेरम्बलुर जिले में R. रवि (50) सोमवार तड़के एक मंदिर के पास मृत पाए गए। वह दोस्तों के साथ त्योहार मनाने बाहर गए थे।
अरुप्पुकोट्टई में युवक की पीट-पीटकर हत्या, शिवगंगा में भी दो वारदातें
दीपावली की रात अरुप्पुकोट्टई के पास हुई एक झड़प में 25 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं, शिवगंगा जिले से भी हत्या के दो मामले सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें से ज्यादातर घटनाएं नशे, उपद्रवी व्यवहार और अचानक आए गुस्से के कारण हुईं। SSI और IT कर्मचारी की हत्याओं समेत कई मामलों में सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे फोड़ने या घरों की ओर पटाखे चलाने जैसी छोटी-छोटी बातों पर विवाद शुरू हुआ, जो बाद में जानलेवा झड़प में बदल गया।
ये भी पढ़ें:
प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे पर राहुल हमलावर: कहा- जवानों को पीएम के वादों पर भरोसा नहीं, बहस की चुनौती दोहराई
पुरानी दुश्मनी निकालने के लिए त्योहार की गहमागहमी का उठाया फायदा
पुलिस के मुताबिक, तिरुचिरापल्ली में दो लोगों की हत्या और कुड्डालोर में गुटों के बीच हुई लड़ाई जैसे मामलों में पहले से आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोग शामिल थे। हमलावरों ने पुरानी दुश्मनी निकालने के लिए पटाखों के शोर, लोगों की कम सतर्कता और त्योहार के दौरान मची गहमागहमी का फायदा उठाया। पुलिस ने सभी मामलों में जांच तेज कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें तैनात की हैं।