इंस्टैंट ग्रॉसरी डिलीवरी प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट( Blinkit) ने एक यूजर द्वारा ऑर्डर किए गए ब्रेड के पैकेट में चूहे की शिकायत के बाद पार्टनर स्टोर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। इसके तहत ब्लिंकिट ने अपने एप से स्टोर को डी-लिस्ट कर दिया है। ग्राहक, नितिन अरोड़ा ने सोशल मीडिया पर ब्रेड के पैकेट के अंदर घूमते चूहे की तस्वीर पोस्ट की और कंपनी से इसका जवाब देने को कहा था।
नितिन अरोड़ा ने ट्विटर के जरिए साझा किया अपना बुरा अनुभव
दरअसल, नितिन अरोड़ा ने ब्लिंकिट एप से एक फरवरी को ब्रेड ऑर्डर किया था। जिसके अंदर उन्हें जिंदा चूहा मिला। इसके बाद अरोड़ा ने अपने भयानक अनुभव को साझा करने के लिए ट्विटर का सहारा लिया। उनके द्वारा शेयर किए गए वीडियो और फोटो में ब्रेड के पैकेट के अंदर एक चूहे को घूमते हुए देखा जा सकता है। अरोड़ा ने लिखा कि अगर 10 मिनट की डिलीवरी में ऐसा सामान आता है, तो मैं ऐसे सामान को लेने के बजाय कुछ घंटे इंतजार करना पसंद करूंगा।
ब्लिंकिट ने मांगी माफी
कंपनी ने नितिन के ट्वीट का जवाब देते हुए कहा कि हेलो नितिन जिस अनुभव का आपको सामना करना पड़ा हमें उसके लिए हमें खेद है। कंपनी ने नितिन से अपना फोन नंबर और ऑर्डर विवरण साझा करने के लिए कहा ताकि वे आगे की पूछताछ शुरू कर सकें।
ब्लिंकिट के कस्टमर डिलाइट के प्रमुख ने लिया संज्ञान
ब्लिंकिट में कस्टमर डिलाइट के प्रमुख धनंजय शशिधरन ने इस घटना पर संज्ञान लिया और थोड़ी देर बाद ही उन्होंने पार्टनर स्टोर को डी-लिस्ट कर दिया है। उन्होंने लिखा कि मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं, हमने पहले ही तेजी से कार्रवाई की है और पार्टनर स्टोर को डी-लिस्ट कर दिया है, यहां तक कि हम स्टोर के मालिक के साथ मामले की जांच कर रहे हैं। हमारे सभी स्टोरों में स्वच्छता के लिए उच्च मानक हैं, और इस घटना के साथ, हमने स्टोर नेटवर्क पर ऑडिट की आवृत्ति बढ़ा दी है।
यहां देखें वीडियो...