महाराष्ट्र में भाजपानीत सरकार के खिलाफ हुए मराठा आंदोलन, दलित आंदोलन और किसान आंदोलन के बावजूद निकाय चुनावों में भाजपा का जलवा बरकरार है। बृहस्पतिवार को घोषित हुए छह नगर परिषदों के चुनाव में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की है। भाजपा ने जलगांव जिले की जामनेर, देवरुख, अजरा समेत छह नगर परिषदों में शानदार प्रदर्शन किया है।
बृहस्पतिवार को आए चुनाव नतीजों में भाजपा ने जामनेर नगर परिषद की सभी 24 सीटों पर कब्जा जमाया। वहीं, जामनेर नगर परिषद अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा नेता व जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन की पत्नी सदान महाजन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 8400 मतों से पराजित किया। सदान महाजन के खिलाफ एनसीपी ने अंजली पवार को मैदान में उतारा था। इस चुनाव में कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना एक भी नगर परिषद अध्यक्ष का चुनाव नहीं जीत पाई।
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार गुहागर, देवरुख, कनकवली, अजरा, जामनेर और वैजापुर नगर परिषद की कुल 115 सीटों में बीजेपी ने 49, शिवसेना 22, एनसीपी 8, कांग्रेस 4, मनसे 1, निर्दलीय 12 और अन्य ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की है। सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा कोटे से हाल ही में राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए नारायण राणे की महाराष्ट्र स्वाभिमान पार्टी ने 17 में से 11 सीटें जीतकर भाजपा-शिवसेना को झटका दिया है।