फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

BJP Vs Congress: भाजपा का राहुल गांधी पर पलटवार, संबित पात्रा बोले- वो यहां नहीं, कोर्ट में माफी मांगते हैं

Wed, 29 Jul 2026 07:16 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला

सार

BJP Press Conference: राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भाजपा ने भी मोर्चा संभाला। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने, सदन को गुमराह करने और राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भाजपा से नहीं, बल्कि अदालत में माफी मांगते हैं। भाजपा ने राहुल गांधी के हर आरोप का क्या जवाब दिया? किन बातों पर उनसे माफी मांगने की मांग की? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...
विज्ञापन
संबित पात्रा, भाजपा नेता - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राहुल गांधी की प्रेस वार्ता के कुछ देर बाद भाजपा ने भी प्रेस वार्ता कर उनके आरोपों का जवाब दिया। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि सुबह से आरोप और जवाब का सिलसिला चल रहा है, जबकि यह पूरी चर्चा संसद के भीतर होनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के व्यवहार की वजह से ऐसा नहीं हो सका और इसलिए देर रात मीडिया के सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ रही है। पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिर तथ्यों से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश की और ऐसा माहौल बनाने का प्रयास किया कि उन्हें सदन में बोलने नहीं दिया गया।
विज्ञापन


पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी का यह आरोप पूरी तरह गलत है कि उन्हें बोलने का मौका नहीं मिला। उन्होंने कहा कि जब सदन में 45 सांसदों को बोलने का अवसर मिला और प्रियंका गांधी वाड्रा भी अपनी बात रख सकीं, तो राहुल गांधी को क्यों रोका जाता। उनके अनुसार, राहुल गांधी को पूरा समय दिया गया, लेकिन वह अपनी बात नियमों के अनुसार नहीं रख पाए। उन्होंने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने केवल 'इडियट' शब्द पर आपत्ति जताई थी, क्योंकि संसद के नियमों के अनुसार ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वयं खड़े होकर सदन के सदस्यों से अपील की थी कि राहुल गांधी को ध्यान से सुना जाए। पात्रा ने कहा कि इससे बड़ी लोकतांत्रिक परंपरा और क्या हो सकती है।

राहुल गांधी के माफी वाले बयान पर क्या बोले संबित पात्रा?

संबित पात्रा ने राहुल गांधी के उस बयान पर भी निशाना साधा, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह भाजपा या आरएसएस से कभी माफी नहीं मांगेंगे। पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी का यह दावा भी सही नहीं है। उन्होंने कहा कि हाल ही में राहुल गांधी ने शिवराज सिंह चौहान से अदालत में लिखित रूप से माफी मांगी थी। इसके अलावा 'चौकीदार चोर है' टिप्पणी के मामले में भी उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर माफी मांगी थी। पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी कैमरे के सामने भले माफी न मांगें, लेकिन अदालत में शपथपत्र देकर माफी मांगते रहे हैं।

छात्रों पर गोली चलने के आरोप पर भाजपा ने क्या कहा?

भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी ने सदन में दावा किया कि छात्रों पर गोली चलाई गई और इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं। पात्रा ने कहा कि सरकार और भाजपा पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि ऐसी कोई फायरिंग नहीं हुई। उन्होंने सवाल किया कि यदि गोली चली थी तो उसका कोई कारतूस, बैलिस्टिक रिपोर्ट या कोई ठोस सबूत क्यों नहीं दिखाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब यह दावा टिक नहीं पाया तो राहुल गांधी ने अपने बयान का स्वर बदल दिया। पात्रा ने कहा कि किसी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति में मौके पर मौजूद सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट यह तय करते हैं कि कितने बल का इस्तेमाल करना है। केवल इस आधार पर कि दिल्ली पुलिस गृह मंत्रालय के अधीन है, यह कहना सही नहीं है कि हर कार्रवाई का आदेश गृह मंत्री सीधे देते हैं।

अमित शाह को लेकर लगाए आरोपों पर क्या जवाब दिया?

संबित पात्रा ने राहुल गांधी के इस दावे को भी खारिज किया कि उन्होंने खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को अधिकारियों से फोन पर बात करते देखा। पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी बिना किसी प्रमाण के ऐसे आरोप लगाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी राफेल मामले में उन्होंने तत्कालीन रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को लेकर ऐसे ही दावे किए थे, जो बाद में सही साबित नहीं हुए। पात्रा ने कहा कि बिना सबूत के गंभीर आरोप लगाना राहुल गांधी की पुरानी राजनीतिक शैली रही है।

क्या छात्र आंदोलन का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं राहुल गांधी?

भाजपा सांसद ने कहा कि छात्र आंदोलन के दौरान सरकार और संबंधित पक्षों के बीच बातचीत से समाधान निकला, लेकिन राहुल गांधी अब उसका राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे का श्रेय लेना चाहता है। पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा प्रणाली को मजबूत करने के लिए विशेषज्ञों की टास्क फोर्स बनाई, जिसमें शिक्षा, तकनीक, पुलिस और खुफिया एजेंसियों के अनुभवी लोगों को शामिल किया गया। साथ ही पेपर लीक रोकने के लिए नया कानून भी बनाया गया। उन्होंने कहा कि केवल राजनीति करने से व्यवस्था नहीं सुधरेगी, बल्कि ठोस काम करने से बदलाव आएगा। अंत में उन्होंने फिर कहा कि भाजपा की ओर से राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की जाती है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें