तिरूवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद थरूर ने कहा कि लोकसभा चुनाव 'हिंदुत्व' बनाम 'जनकल्याण' की लड़ाई बन रहा है। उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास, सालाना दो करोड़ रोजगार सृजित करने और हर भारतीय की जेब में खर्च योग्य आय डालने के सवालों पर बहस की जरूरत है।
उन्होंने कहा, ''संदेश स्पष्ट है। 2009 में (पीएम) मोदी को ऐसे आर्थिक विकास के अवतार, गुजरात इंक के सीईओ के रूप में भारतीय मतदाताओं को बेचा गया था, जो सभी भारतीयों के लिए विकास लाएगा। लेकिन, तबाह करने वाली नोटबंदी के बाद 2019 में यह कहानी खत्म हो गई। पुलवामा आतंकवादी हमले ने मोदी को 'आम चुनाव' को 'राष्ट्रीय सुरक्षा चुनाव' में बदलने का मौका दिया।''
उन्होंने कहा, "यह स्पष्ट है कि भाजपा 2024 में अब अपने मूल संदेश पर वापस लौटेगी और नरेंद्र मोदी को हिंदू हृदय सम्राट के रूप में राष्ट्र के सामने पेश करेगी।" 'हिंदू हृदय सम्राट' का शाब्दिक अर्थ है हिंदू दिलों का सम्राट।
उन्होंने कहा, "यह सब सवाल खड़ा करता है कि अच्छे दिन का क्या हुआ? एक साल में दो करोड़ नौकरियों का क्या हुआ? आर्थिक विकास का क्या हुआ जिससे सामाजिक-आर्थिक सीढ़ी के निचले पायदानों को लाभ होगा? हर भारतीय की जेब और बैंक खातों में खर्च करने योग्य आय डालने का क्या हुआ?" पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'हिंदुत्व बनाम जनकल्याण के रूप में आकार ले रहे चुनाव में इन सवालों पर बहस करनी होगी।'