भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा है कि पार्टी मिजोरम विधानसभा चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ेगी। कांग्रेस शासित मिजोरम में इस वर्ष के अंत में चुनाव होने हैं।
भाजपा के प्रवक्ता नलिन कोहली ने शनिवार को यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘विकास हमारा एजेंडा है। हम छह राज्यों में लोगों के पास इस एजेंडे के साथ गए हैं और मिजोरम में भी हम इसी एजेंडे के साथ जाएंगे।’’
उन्होंने उम्मीद जताई कि मिजोरम भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ सबका विकास’ के नारे के तहत अन्य छह पूर्वोत्तर राज्यों के समान ही विकास के पथ पर चलेगा।
कोहली ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार ने क्षेत्र में विकास कार्यों की निगरानी के लिए 150 बार केन्द्रीय मंत्रियों को पूर्वोत्तर क्षेत्र में भेजा है।
उन्होंने कहा, ‘‘ मिजोरम के गृह मंत्री का इस्तीफा एक बड़ा घटनाक्रम है।’’ उन्होंने कहा कि मंत्री के पार्टी छोड़ने की घटना को हल्के से नहीं लिया जा सकता।
इनपुट :भाषा