हिमाचल प्रदेश में डॉ. राजीव बिंदल ने विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना पद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बनने के लिए छोड़ा है। शुक्रवार को बिंदल नामांकन भरेंगे और शनिवार को उनके भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने का एलान हो जाएगा। डॉ. बिंदल 10 जनवरी 2018 को सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष चुने गए थे।
जम्मू-कश्मीर : रवींद्र रैना दोबारा बने जेएंडके और लद्दाख के भाजपा अध्यक्ष
रवींद्र रैना को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की कमान एक बार फिर सौंप दी गई है। बुधवार को केंद्रीय पर्यवेक्षक और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने रैना की अध्यक्ष पद पर निर्विरोध ताजपोशी की घोषणा की। रैना पर दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर के अलावा लद्दाख का भी जिम्मा होगा। दोबारा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद रैना ने दावा किया कि वह जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अलावा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के भी भाजपा अध्यक्ष हैं।
पश्चिम बंगाल के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष को गुरुवार को निर्विरोध रूप से दूसरे कार्यकाल के लिए अध्यक्ष चुन लिया गया। भाजपा की राज्य समिति की बैठक में उनको दोबारा चुनने का फैसला किया गया। अपने चयन के बाद घोष ने कहा कि अब हमारा लक्ष्य 2021 के विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करना है।
घोष को दिसंबर, 2015 में प्रदेश अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल बीते साल दिसंबर में खत्म हो गया। लेकिन उसके बावजूद वे इस पद पर बने रहे। अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव में घोष के अलावा किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दायर नहीं किया था।
समीर मोहंती निर्विरोध चुने गए ओडिशा भाजपा अध्यक्ष
वरिष्ठ भाजपा नेता समीर मोहंती को गुरुवार को पार्टी की ओडिशा इकाई का निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया। उनकी उम्मीदवारी सर्वसम्मति से तय हुई थी। केंद्रीय मंत्री और भाजपा संगठन के भीतर होने वाले चुनावों के मुख्य पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर ने ओडिशा भाजपा अध्यक्ष के रूप में मोहंती के नाम की घोषणा की।
तोमर ने संवाददाताओं से कहा कि मुझे खुशी है कि ओडिशा भाजपा ने समीर मोहंती को अध्यक्ष चुनने में सर्वसम्मति से फैसला लिया। वह ओडिशा भाजपा का कार्यभार शुक्रवार को संभालेंगे। मोहंती 2016 से अब तक राज्य भाजपा के उपाध्यक्ष थे।