बाहरी उम्मीदवारों को बड़ी संख्या में टिकट दिए जाने से मचे घमासान के बीच बृहस्पतिवार को हुई भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उत्तर प्रदेश के करीब 150 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए हैं। उम्मीदवार तय होने के बावजूद कई सीटों पर एक नाम पर अंतिम सहमति न बनने के कारण सूची शुक्रवार को देर शाम या शनिवार को जारी की जा सकती है।
पार्टी अध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार को दिल्ली से बाहर होंगे। इस कारण सूची जारी होने में देरी के आसार हैं। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह की सीट के बारे में भी अंतिम फैसला नहीं हो पाया। उनके लिए साहिबाबाद के साथ नोएडा सीट का विकल्प अभी भी खुला रखा गया है।
बसपा से भाजपा में आए दारा सिंह चौहान को मधुबन से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा मणिपुर की सभी सीटों के अलावा उत्तराखंड की बाकी बची छह सीटों के लिए शाह ने उम्मीवारों के नाम तय कर लिए गए हैं। उत्तराखंड की 6 उम्मीदवारों की अंतिम सूची शुक्रवार को जारी हो सकती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अध्यक्ष अमित शाह, राजनाथ सिंह, अरुण जेटली सहित सीईसी के सभी सदस्यों की उपस्थिति में हुई बैठक करीब तीन घंटे तक चली। पहले मणिपुर उसके बाद उत्तर प्रदेश की सीटों पर चर्चा हुई। चूंकि पार्टी ने हर बैठक में यूपी की 150 सीटों पर चर्चा कर उम्मीदवार तय करने का फैसला किया है, इसलिए पहली बैठक की तरह ही इस बैठक में भी इतने ही उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा हुई।