भाजपा ने बंगाल विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर फैसले को लेकर पुनर्विचार की मांग की है। विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को इस बारे में पत्र लिखा। गौरतलब है कि उस फैसले में स्पीकर बिमान बनर्जी को हटाने की मांग करने वाला प्रस्ताव पेश करने के लिए भाजपा को अनुमति न देने का कारण "समय की कमी" बताया गया था।
गौरतलब है कि विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने 30 जुलाई को स्पीकर बिमान बनर्जी को हटाने के लिए नोटिस दिया था। यह नोटिस भारत के संविधान के अनुच्छेद 179 के खंड (सी) के तहत विधानसभा के प्रक्रिया नियमों के नियम 201 (1) के तहत दिया गया था। वहीं, अब भाजपा ने इस मुद्दे को फिर उठाया है। उसका कहना है कि 25 नवंबर 2024 से शुरू होने वाले सत्र में वह इस मुद्दे को फिर से उठाएगी।
विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि 30 जुलाई को नोटिस जमा करने के बाद से सदन का सत्रावसान नहीं किया गया है। ऐसे में उनका नोटिस अभी भी वैध है। इस दावे के साथ उन्होंने आगामी सत्र में इस मामले पर चर्चा की अनुमति देने का आह्वान किया।
बता दें कि भाजपा की मूल नोटिस को अगस्त सत्र में चर्चा से बाहर रखा गया था। जब डिप्टी स्पीकर ने प्रस्ताव पर चर्चा की अनुमति देने के खिलाफ फैसला सुनाया था। उस नोटिस में स्पीकर बिमान बनर्जी को हटाने पर बहस का आह्वान किया गया था।