अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में जिन्ना की तस्वीर को लेकर फैला विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को बीजेपी के प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता सुधांशू त्रिवेदी ने एक बार फिर विवादित बयान देकर इस मामले को और हवा दे दी है। सुधांशू त्रिवेदी ने कहा कि आज जो लोग जिन्ना के साथ खड़े हैं और उनका समर्थन कर रहे हैं ये वही लोग हैं जो आतंकी अफजल गुरु के साथ खड़े थे। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि बहुत दुख की बात है कि हमारे देश के कुछ लोग उन लोगों के साथ खड़े हैं जिन्होंने देश के विभाजन में अहम भूमिका निभाई है।
बता दें कि पिछले चार दिनों से अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में तस्वीर को लेकर बबाल मचा हुआ है। एहियात के तौर पर अलीगढ़ में इंटरनेट की सेवा भी बंद कर दी गई है। त्रिवेदी से पहले केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्रों और प्रशासन से इस मुद्दे का संवेदनशील समाधान निकालते हुए तस्वीर को हटाने की अपील की थी।
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, 'जिन्ना की तस्वीर को हटाने के लिए अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी को अड़ियल रुख नहीं अपनाना चाहिए'। उन्होंने कहा, 'हिन्दुस्तान के लोग जिन्ना को खलनायक के रूप में देखते हैं, इसलिए उस तस्वीर को हटा देना चाहिए।
यही नहीं इन नेताओं से पहले इस मामले में सपा विधायक नफीस अहमद ने मीडिया को विवादित बयान दिया था। गोपालपुर से विधायक और अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष नफीस अहमद ने आंदोलन का विरोध करने वाले लोगों को दोगला कहा था।
मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर को लेकर विवाद 30 अप्रैल को शुरू हुआ जब बीजेपी सांसद और एएमयू कोर्ट मेंबर सतीश गौतम ने एएमयू कुलपति प्रो. तारिक मंसूर को एक पत्र लिखा। सांसद ने पत्र में कुलपति से पूछा था कि एएमयू परिसर में जिन्ना की तस्वीर क्यों लगी है और कहां-कहां लगाई गई है?
उन्होंने लिखा था कि जिन्ना भारत और पाकिस्तान के बंटवारे के मुख्य सूत्रधार थे। इस पत्र के सुर्खियों में आने के बाद अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में जिन्ना की तस्वीर को लेकर बवाल शुरू हुआ हालात को देखते हुए एएमयू को पांच दिन के लिए बंद कर दिया गया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एहतियातन सोशल मीडिया पर 5 मई को दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक इंटरनेट सेवा पर प्रतिबंध लगा दिया है।