भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा
- फोटो : ANI
नोबेल पुरस्कार पर अमेरिका ही नहीं, अब भारत में भी राजनीति शुरू हो गई है। अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि बेहतर प्रशासन देने के लिए उन्हें नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए, लेकिन भाजपा ने केजरीवाल की इस बात पर करारा हमला किया है। पार्टी ने कहा है कि यदि भ्रष्टाचार की श्रेणी में नोबेल पुरस्कार दिए जाते होते तो केजरीवाल को अवसर मिल सकता था, लेकिन नोबेल कमेटी इस श्रेणी में कोई पुरस्कार नहीं देती।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने केजरीवाल पर हमला करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी नेता ने अपने 10-11 साल के शासन में दिल्ली को केवल घोटालों का उपहार दिया था। यही कारण है कि जनता ने उन्हें दंड दिया और 2025 में उनसे सत्ता छीन ली। लेकिन अपनी इस नाकामी को छिपाने की कोशिश करते हुए केजरीवाल अब अपने लिए ही नोबेल पुरस्कार की मांग कर रहे हैं, यह शर्मनाक है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल विदेशी फंडिंग लेकर देश के विरोध में काम करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल को मिले मैग्सेसे पुरस्कार को भी लोग संदेह की दृष्टि से देखते हैं। इससे पता चलता है कि उनकी काम करने की स्टाइल कैसी थी। लेकिन आज उनकी असली छवि लोगों के सामने आ चुकी है।