भाजपा महासचिव लेखाश्री सामंतसिंघार ने कहा कि राज्य की सत्ताधारी पार्टी अमीर हो गई है, लेकिन राज्य के लोगों को अपने 23 वर्षों के शासन दौरान गरीब बना दिया है।
ओडिशा में भाजपा और सत्ताधारी पार्टी बीजद एक दूसरे पर हमलावर हैं। भाजपा ने रविवार को कई आरोप लगाए और पलायन पर श्वेत पत्र की मांग की। बीजद पर हमला बोलते हुए भाजपा ने कहा कि ओडिशा में शासन करने के दौरान बीजू जनता दल पार्टी अमीर हो गई लेकिन आम लोग गरीब हो गए और यही कारण है उनको अपना राज्य छोड़कर मजदूरी करने के लिए राज्य से बाहर जाना पड़ा।
विज्ञापन
भाजपा महासचिव लेखाश्री सामंतसिंघार ने कहा कि राज्य की सत्ताधारी पार्टी अमीर हो गई है, लेकिन राज्य के लोगों को अपने 23 वर्षों के शासन दौरान गरीब बना दिया है। उन्होंने एक एडीआर रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया बीजद ने 307 करोड़ रुपये में क्षेत्रीय दलों के बीच दूसरी सबसे बड़ी आय दर्ज की।
उन्होंने कहा कि ओडिशा एक समृद्ध राज्य है क्योंकि इसमें विशाल खनिज भंडार और प्राकृतिक संसाधन हैं, लेकिन स्थानीय लोगों को इन संसाधनों से दूर रखा गया।यह देखते हुए ओडिशा के लोग काम की तलाश में विभिन्न राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं, सामंतसिंघार ने दावा किया कि पिछले तीन महीनों में असामान्य परिस्थितियों में कम से कम 10 प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई है।
विज्ञापन
आगे उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी और राज्य सरकार प्रवासी मजदूरों की दुर्दशा के प्रति असंवेदनशील है। साथ ही बताया कि राज्य सरकार जानबूझकर प्रवासी श्रमिकों का रिकॉर्ड नहीं रख रही है।
शनिवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, क्षेत्रीय दलों में बीजेद की आय में सबसे ज्यादा 233.941 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीजद उपाध्यक्ष देबी मिश्रा ने कहा कि यह पारदर्शिता का संकेत है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चुनाव प्रचार में पैसा बड़ी भूमिका निभाता है और अक्सर यह आरोप लगाया जाता है कि राजनीतिक दल गलत तरीके से पैसा खर्च कर रहे हैं लेकिन बीजद इस तरह से पारदर्शी है, उन्होंने इसको जनता के सामने रखा।