बीफ को लेकर अक्सर आक्रामक रुख अपनाने वाली भाजपा की गौरक्षा की मुहिम एक बार फिर सवालों के घेरे में है। इसकी वजह बनी है गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर का ये बयान, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि गोवा आने वाले पर्यटकों को बीफ की कमी नहीं होने दी जाएगी।
परिकर यहां तक कह गए कि अगर अपने यहां बीफ का उत्पादन कम होगा तो पडोसी राज्य कर्नाटक से मंगाकर आपूर्ति की जाएगी। मौजूदा हालातों पर गौर करें तो बीफ और भाजपा दोनों एक दूसरे के विरोधाभासी नजर आते हैं लेकिन एक हकीकत ये भी है कि भाजपा शासित राज्यों में बीफ को जमकर बढ़ावा दिया जाता है।
यहां तक की उसके कुछ नेता तो खुलकर इसकी वकालत करते रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार वेंकैया नायडू तो बीफ और बिरयानी की वकालत कर चुके हैं। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरिण रिजिजू ने तो एक बार खुलकर कह दिया था कि वो बीफ खाते हैं और उन्हें इससे कोई नहीं रोक सकता।
आरटीआई में हुआ खुलासा भाजपा शासित राज्यों में सबसे ज्यादा बूचड़खाने
पिछले साल जब जैनियों के पर्यूषण पर्व पर महाराष्ट्र में मीट की दुकानें बंद कर दी गई थी तो खूब हल्ला मचा था। प्रदेश सरकार की दलील थी कि जैन समुदाय की भावनाएं आहत न हों इसलिए कुछ दिनों के लिए मीट की दुकानों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि इसी दौरान आई एक आरटीआई ने भाजपा को बैकफुट पर आने के लिए मजबूर कर दिया था।
मीडिया में आई खबरों के अनुसार हरियाणा के रहने वाले आरटीआई कार्यकर्ता रविन्द्र चावला ने देशभर में जारी स्लाटर हाउस की स्थिति जानने के लिए एक आरटीआई लगाई थी। जिसके जवाब में पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन विभाग की ओर से दिए गए जवाब में बताया गया था कि देशभर में कुल 1623 स्लॉटर हाउस चालू स्थिति में हैं जिनमें से 675 से ज्यादा भाजपा शासित राज्यों में है।
टॉप टेन में भी भाजपा शासन वाले चार राज्य हैं जिनमें महाराष्ट्र पहले और भाजपा के हिंदुत्व एजेंडे का प्रतीक बन चुका यूपी दूसरे नंबर पर है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश भी इस लिस्ट में हैं। महाराष्ट्र में जहां 316 स्लाटर हाउस हैं जबकि यूपी में 286 स्लाटर हाउस।
बीफ खाने का समर्थन करते रहे हैं भाजपा नेता
बीफ का खुलकर समर्थन करने में भी भाजपा नेता पीछे नहीं हैं। कुछ समय पहले ही पूर्वोत्तर राज्य मेघालय में भाजपा के कई नेताओं ने बीफ के समर्थन में पार्टी से इस्तीफा दे दिया था, इनमें प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल थे।
भाजपा सरकार में केंद्रीय गृहराज्यमंत्री किरिण रिजिजू तो खुलकर कह चुके हैं कि वह बीफ खाते हैं और खाते रहेंगे। ज्यादा दिन नहीं हुए जब आरटीआई से ही इस बात का खुलासा हुआ था कि बीते वर्ष में केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने स्लाटर हाउस के आधुनिकीकरण के लिए 68 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी है।
यह आंकडा भी गौर करने वाला है कि दुनियाभर में बीफ का निर्यात करने वालों में भारत अब पहले नंबर पर पहुंच गया है। ऐसे में बीफ के ये आंकड़े आने वाले समय में मोदी सरकार की मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं।