भाजपा ने महाराष्ट्र के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की है। इसमें कुल 22 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया है। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से राज्य के विधानसभा चुनाव के लिए सबसे पहले 99 प्रत्याशियों के नाम घोषित किया गया था। इस तरह से भाजपा ने राज्य में अब तक कुल 121 प्रत्याशियों के नामों का एलान कर दिया है। भाजपा की दूसरी सूची में 22 उम्मीदवारों में सिर्फ एक महिला उम्मीदवार का नाम शामिल हैं।
छह मौजूदा विधायकों को मिला टिकट, दो किए गए बाहर
भाजपा की दूसरी सूची में वाशिम और गढ़चिरौली के मौजूदा विधायकों को बदल दिया गया है। जबकि अकोट, नासिक सेंट्रल, पेन, खड़कवासला, पुणे कैंटोनमेंट और उल्हासनगर के विधायकों को बरकरार रखा। दूसरी सूची में विधान परिषद के दो सदस्य भी शामिल हैं, इसमें गोपीचंद पडलकर को जाट से और रमेश कराड को लातूर ग्रामीण से मैदान में उतारा गया, जहां उनका मुकाबला कांग्रेस के धीरज देशमुख से होगा।
भाजपा की दूसरी सूची के किनके नाम?
भाजपा ने धुले ग्रामीण विधानसभा सीट से राम भदाणे, मलकापुर से चैनसुख मदनलाल संचेती, अकोट से प्रकाश गुणवंतराव भारसाकले, अकोला पश्चिम विजय कमलकिशोर अग्रवाल, वाशिम श्याम रामचरणजी खोडे, मेलघाट से केवलराम तुलसीराम काले गढ़चिरौली से मिलींद रामजी नरोटे, राजुरा से देवराव विठोबा भोंगले, ब्रह्मपुरी से कृष्णलाल बाजीराव सहारे, वरोरा से करण संजय देवतले और नासिक मध्य सीट से देवयानी सुहास फरांदे को उम्मीदवार बनाया गया है।
यहां देखें भाजपा के प्रत्याशियों की दूसरी सूची:-
महाराष्ट्र में 20 नवंबर को एक चरण में चुनाव
महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 20 नवंबर को एक ही चरण में होंगे, जबकि विधानसभा चुनाव के मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, भाजपा और अजीत पवार की एनसीपी से मिलकर बनी महायुति सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रही है, जबकि शिवसेना (यूबीटी), एनसीपी (एसपी) और कांग्रेस की विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) इसे सत्ता से बेदखल करने के प्रयास में है।