भाजपा ने अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने की दिशा में एक और कदम बढ़ा दिया है। पार्टी ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में अपने पार्टी अध्यक्षों का का चुनाव कर लिया है। बुधवार को पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष के चुनने की प्रक्रिया शुरू हो गई। भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य ने पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष के लिए नामांकन दाखिल किया है।
केंद्रीय नेतृत्व की ओर से सर्वसम्मति से चुना गया उम्मीदवार बनेगा अध्यक्ष
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन बुधवार को स्वीकार किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापस लेने की प्रक्रिया भी उसी दिन होगी। अधिसूचना के मुताबिक, उम्मीदवारों की अंतिम सूची बुधवार शाम छह बजे जारी की जाएगी। भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, अगर एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में रहते हैं, तो मतदान गुरुवार को दोपहर 12 बजे से शुरू होगा और नतीजे दोपहर 1.30 बजे तक घोषित कर दिए जाएंगे। हालांकि, पार्टी के कई नेताओं का कहना है कि यह प्रक्रिया महज एक औपचारिकता है और केंद्रीय नेतृत्व की ओर से सर्वसम्मति से चुने गए उम्मीदवार का नाम बिना किसी मुकाबले के घोषित कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Hindi Row: 'भविष्य में भी ऐसी नीति स्वीकार नहीं करेंगे', हिंदी भाषा से जुड़ा आदेश वापस होने पर राउत की दो टूक