भाजपा ने सोमवार को कुछ कांग्रेस नेताओं के पहलगाम हमले को लेकर दिए बयानों पर पार्टी के नेताओं राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे को घेर लिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता रवि शंकर प्रसाद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेताओं के बयानों को असंवेदनशील और बेशर्मी भरा बताया। दरअसल कुछ कांग्रेस नेताओं ने पहलगाम हमले के पीड़ितों के उस दावे पर सवाल उठाए, जिसमें उन्होंने कहा था कि लोगों के धर्म पूछकर गोली मारी गई। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि एक तरफ राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे पहलगाम हमले पर एकजुटता की बात करते हैं तो दूसरी तरफ उनके नेता इस तरह के बयान दे रहे हैं। प्रसाद ने पूछा कि क्या राहुल गांधी और खरगे के बयान महज औपचारिकता ही हैं।
भाजपा ने राहुल गांधी और खरगे पर साधा निशाना
पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का बयान पाकिस्तान के न्यूज चैनलों द्वारा दिखाया जा रहा है। जब पूरी दुनिया के देश भारत के साथ हैं, तो कर्नाटक जैसे अहम राज्य के सीएम ऐसा बयान दे रहे हैं। भाजपा नेता ने महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता विजय वडेट्टीवार , कर्नाटक कांग्रेस के नेता आरबी तिम्मापुर और प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा के बयानों का जिक्र किया और कांग्रेस पार्टी को जमकर लताड़ा। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि 'क्या राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का अपनी पार्टी पर कोई नियंत्रण नहीं है? या सिर्फ दोनों खुद औपचारिकता करके अन्य नेताओं को मन मुताबिक कुछ भी बोलने की आजादी दे रहे हैं?'
ये भी पढ़ें-
Owaisi Slams Afridi: पहलगाम हमले को लेकर अफरीदी के बेतुके बयान पर बिफरे ओवैसी, बोले- क्या जोकरों का नाम ले रहे
'कांग्रेस नेताओं के बयान भारत को बदनाम करने के लिए इस्तेमाल हो रहे'
प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयान पाकिस्तानी मीडिया द्वारा भारत को बदनाम करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताोओं के बयानों को असंवेदनशील और बेशर्मी भरा बताया। उल्लेखनीय है कि कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया से जब आतंकी हमले पर भारत की प्रतिक्रिया के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि 'युद्ध की कोई जरूरत नहीं है। हम इसके पक्ष में नहीं हैं। हमें कड़े कदम उठाने चाहिए। सुरक्षा बढ़ाई जानी चाहिए।' कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने अपने बयान में कहा था कि 'सरकार को पहलगाम हमले की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। वे (सरकार) कह रहे हैं कि लोगों से पूछकर (उनका धर्म पूछकर) गोलियां मारी गईं..लेकिन क्या आतंकियों के पास इतना समय था? आतंकियों का कोई धर्म और जाति नहीं होती। सरकार को उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।' कर्नाटक कांग्रेस के नेता आरबी तिम्मापुर ने भी ऐसा ही बयान दिया था।
ये भी पढ़ें-
पहलगाम हमले पर सियासत: विधायकों के बिगड़े बोल पर घिरी कांग्रेस, भाजपा बोली- नाम बदलकर पाकिस्तानी पार्टी कर लें
संबंधित वीडियो